गांधी जयंती पर चरचा को 4.22 करोड़ की सौगात...... प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने किया सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का भूमिपूजन,,,,, अतिथियों ने किया पौधरोपण.... चरचा के विकास के लिए नहीं होगी धन की कमी,,, अतिथियों के मंच से उठते ही दिखा संस्कारों का आईना.....


नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट 

चरचा कालरी......... गांधी जयंती के अवसर पर नगर पालिका शिवपुर-चरचा के वार्ड क्रमांक-1 स्थित छठ घाट परिसर में गुरुवार को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं विकास से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम, बैकुंठपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री भैयालाल राजवाड़े, कलेक्टर कोरिया श्रीमती रोक्तिमा यादव, पुलिस अधीक्षक श्री हरीश राठौर सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की मौजूदगी में 4 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का भूमिपूजन किया गया।कार्यक्रम के पश्चात प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम, विधायक श्री भैयालाल राजवाड़े एवं कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्ण बिहारी जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल, उपाध्यक्ष राजेश सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती मुक्ता सिंह चौहान, अभियंता आलोक चक्रधारी, शिवपुर-चरचा मंडल अध्यक्ष श्रीमती दीपा विश्वकर्मा , कमलेश शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। भूमिपूजन एवं पौधरोपण के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम ने गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता एवं वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित होने को प्रसन्नता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत वाले सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का भूमिपूजन भी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा है कि वे जनता की आशाओं एवं अपेक्षाओं पर खरे उतरें। चरचा के विकास में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र विधायक भैयालाल राजवाड़े का गृह क्षेत्र है और सभी मिलकर क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए कार्य करेंगे।

       विधायक श्री भैयालाल राजवाड़े ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 अक्टूबर तक स्वच्छता, वृक्षारोपण, भूमिपूजन सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने आम नागरिकों से इन कार्यक्रमों में सहभागी बनने का आह्वान किया।

     कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि गांधी जयंती केवल औपचारिक रूप से माल्यार्पण करने का अवसर नहीं है, बल्कि महात्मा गांधी के विचारों और संस्कारों को अपने जीवन में उतारने का दिन है। स्वच्छता किसी एक दिन के कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसकी शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर से करनी होगी और इसे समाज, राज्य एवं देश तक ले जाना होगा।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती मुक्ता सिंह चौहान ने उपस्थित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में कुशल मंच संचालन पुरुषोत्तम विश्वकर्मा के द्वारा किया गया। 

---अतिथियों के मंच से निकलते ही नाश्ते की प्लेटों पर हाथ साफ करते नजर आए जनप्रतिनिधि....... छठ घाट में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जहां मंच से स्वच्छता, सेवा, संस्कार और गांधीजी के विचारों को आत्मसात करने का संदेश दिया जा रहा था, वहीं कार्यक्रम स्थल पर इसके विपरीत एक अलग ही दृश्य चर्चा का विषय बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अतिथियों के लिए रखे गए नाश्ते की प्लेटें जैसे ही उपलब्ध हुईं, एक भाजपा पदाधिकारी एवं पार्षद उन पर टूट पड़े और प्लेटों में रखे मेवे को मुट्ठी भर-भरकर अपनी जेब में रखने लगे। मंच से कुछ कदम की दूरी पर घटे इस घटनाक्रम को वहां मौजूद लोगों ने आश्चर्यजनक बताया।गांधी जयंती के कार्यक्रम में जहां सादगी, संयम, स्वच्छता और संस्कारों का संदेश दिया गया, वहीं उसके तत्काल बाद सामने आए इस दृश्य को लेकर कार्यक्रम स्थल पर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।सवाल यह भी उठता रहा कि जब सार्वजनिक मंच से गांधीजी के विचारों और संस्कारों को जीवन में उतारने का संदेश दिया जा रहा हो, तब सार्वजनिक कार्यक्रम में अतिथियों के लिए रखे गए नाश्ते को लेकर ऐसी जल्दबाजी आखिर क्या संदेश देती है?

कार्यक्रम में शामिल लोगों के बीच यह प्रसंग पूरे आयोजन की चर्चा का एक अलग विषय बन गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ