नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट
कोरिया चरचा कालरी........ देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के सेवा संकल्प की भावना के अनुरूप कलेक्टर कोरिया श्रीमती रोक्तिमा यादव के मार्गदर्शन में नगर पालिका शिवपुर चरचा की मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती मुक्ता सिंह चौहान ने कोरिया जिला मुख्यालय स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां निवासरत बुजुर्गों से आत्मीय मुलाकात की।इस अवसर पर श्रीमती मुक्ता सिंह चौहान ने वृद्धाश्रम में रहने वाले सभी बुजुर्गों को शॉल एवं मिठाई भेंट कर सम्मानित किया तथा उनसे कोरिया जिले एवं क्षेत्र के उत्तरोत्तर विकास, सुख-शांति और समृद्धि का आशीर्वाद लिया। उन्होंने बुजुर्गों से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम भी जानी।
श्रीमती चौहान ने बुजुर्गों से विशेष रूप से कहा कि जब भी उन्हें किसी प्रकार के सहयोग अथवा किसी वस्तु की आवश्यकता हो, वे उन्हें जरूर याद करें। उनकी सहायता के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उनके इस आत्मीय व्यवहार से वृद्धाश्रम के बुजुर्गों में प्रसन्नता का भाव दिखाई दिया।प्रधानमंत्री के सेवा संकल्प की भावना को स्थानीय स्तर पर आगे बढ़ाते हुए सीएमओ मुक्ता सिंह चौहान द्वारा की गई यह पहल प्रशासनिक दायित्वों के साथ सामाजिक संवेदनशीलता और मानवीय सरोकार का उदाहरण बनी। बुजुर्गों के प्रति सम्मान, अपनत्व और सहयोग का भाव समाज को सकारात्मक संदेश देता है।
श्रीमती मुक्ता सिंह चौहान की इस पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि प्रशासन जब संवेदनशीलता के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है, तो सेवा का वास्तविक उद्देश्य सार्थक होता है।




0 टिप्पणियाँ