नगर पालिका शिवपुर चरचा अध्यक्ष पद के लिए रामकली पाल ने पेश की दावेदारी...... 34 वर्षों के जनप्रतिनिधित्व एवं संगठनात्मक अनुभव का दिया हवाला, भाजपा नेतृत्व को सौंपा आवेदन..... विकास सुशासन और जन सेवा को प्राथमिकता..... श्रमिक परिवारों से पुराना जुड़ाव.....


नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट 

चरचा कालरी.=...... दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगर पालिका परिषद शिवपुर-चरचा के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अध्यक्ष पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित होने के बाद भाजपा में महिला दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद शिवपुर-चरचा के वार्ड क्रमांक 05 की निर्वाचित पार्षद श्रीमती रामकली पाल ने अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को आवेदन सौंपा है।

श्रीमती रामकली पाल ने भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री भैयालाल राजवाड़े, भाजपा कोरिया जिला अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी तथा पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्ण बिहारी जायसवाल के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर संगठन से उन्हें अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाए जाने का अनुरोध किया है।

34 वर्षों के जनसेवा एवं जनप्रतिनिधित्व का अनुभव.....

अपने आवेदन में रामकली पाल ने बताया कि उनका सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा का अनुभव लगभग 34 वर्षों का है। वर्ष 1994 में शिवपुर-चरचा के नगर पालिका स्वरूप में आने से पहले ग्राम पंचायत के समय उन्होंने पंच के रूप में निर्वाचित होकर जनप्रतिनिधित्व की शुरुआत की। इसके बाद नगर पंचायत बनने पर प्रथम महिला पार्षद के रूप में भी उन्होंने दायित्व निभाया। वर्ष 2021 के नगरीय निकाय चुनाव में वे पुनः वार्ड क्रमांक 05 से निर्वाचित हुईं और वर्तमान में पार्षद के रूप में कार्यरत हैं।

आवेदन में उन्होंने वर्ष 2025 में नगर पालिका अध्यक्ष के विरुद्ध लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का भी उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि संगठन के निर्देशानुसार उन्होंने भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी अरुण जायसवाल के पक्ष में मतदान किया और निकाय में भाजपा समर्थित अध्यक्ष के गठन में अपनी भूमिका निभाई। इसे उन्होंने संगठन के प्रति अपनी निष्ठा और अनुशासन का प्रमाण बताया है।

श्रीमती रामकली पाल ने अपने संगठनात्मक अनुभव का उल्लेख करते हुए बताया कि शिवपुर-चरचा क्षेत्र के बैकुंठपुर मंडल के अंतर्गत रहने के दौरान वे मंडल कार्यकारिणी की सदस्य रहीं। इसके बाद उन्होंने बैकुंठपुर महिला मोर्चा अध्यक्ष के रूप में भी संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्व का निर्वहन किया।दावेदारी का आधार बताते हुए उन्होंने अपने परिवार के चरचा कोलरी के श्रमिक वर्ग से लंबे समय से जुड़े होने का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार उनके पति स्वर्गीय दयाराम पाल वर्ष 1970 से चरचा खदान में कार्यरत रहे तथा भारतीय मजदूर संघ के अध्यक्ष के रूप में श्रमिक हितों के लिए कार्य किया। इसी कारण चरचा कोलरी के श्रमिकों एवं उनके परिवारों से उनका वर्षों पुराना सामाजिक एवं आत्मीय संबंध रहा है।

रामकली पाल ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र के श्रमिक परिवारों, महिलाओं एवं आम नागरिकों के सुख-दुःख में सहभागी बनने और उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए प्रयास करने के कारण उनके बीच निरंतर जनसंपर्क और विश्वास बना हुआ है।आवेदन में उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि भाजपा के विचार, संगठन की नीतियों एवं जनसेवा की भावना के अनुरूप शिवपुर-चरचा नगर पालिका को विकास, सुशासन एवं जनविश्वास की दिशा में आगे ले जाना है।

उन्होंने भाजपा नेतृत्व से अपने 34 वर्षों के जनप्रतिनिधित्व एवं सामाजिक अनुभव, संगठन के प्रति निष्ठा, व्यापक जनसंपर्क, महिला वर्ग में सक्रियता तथा श्रमिक एवं आमजन से लंबे जुड़ाव को ध्यान में रखते हुए अध्यक्ष पद के लिए उनकी दावेदारी पर सकारात्मक विचार करने का आग्रह किया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ