कोरिया बैकुंठपुर। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा कोरिया की समीक्षा बैठक गत मंगलवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के राज्य चेयरमैन तोमन साहू ने की। कलेक्टर एवं जिला शाखा की अध्यक्ष श्रीमती रोक्तिमा यादव की मार्गदर्शन में बैठक आहूत की गई थी।
बैठक में रेडक्रॉस की विभिन्न सेवा गतिविधियों की समीक्षा करते हुए राज्य चेयरमैन तोमन साहू ने कहा कि इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी का मूल आधार मानवीय सेवा, सहयोग एवं संवेदना है। उन्होंने जूनियर रेडक्रॉस एवं यूथ रेडक्रॉस को मजबूत करने, सदस्यता अभियान को विस्तार देने, रक्तदान एवं अंगदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा सिकल सेल, टीबी एवं एड्स नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बढ़ाने पर बल दिया।
इसी दौरान राज्य चेयरमैन तोमन साहू ने राज्य शाखा की ओर से कोरिया जिला शाखा को अत्याधुनिक वेंटिलेटरयुक्त एंबुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा की। इससे जिले में जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सेवाओं में सहायता मिलने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य अधिकारी सह सचिव डॉ. बलवंत सिंह, जिला शाखा की वाइस चेयरमैन श्रीमती गीता राजवाड़े, वाइस चेयरमैन छत्तीसगढ़ प्रदेश रेडक्रास प्रबंध समिति कमलेश शर्मा, कोषाध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान के तहत हो रही विभिन्न गतिविधियां,
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बलवंत सिंह ने जिले में रेडक्रॉस की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में रक्तदान के साथ शुगर, बीपी, हीमोग्लोबिन एवं सिकल सेल की निःशुल्क जांच भी की जा रही है। शिक्षा विभाग के सहयोग से जिला स्तरीय ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया है।
बैठक में रेडक्रॉस दल द्वारा 15 अगस्त एवं 26 जनवरी के राष्ट्रीय पर्वों पर आयोजित परेड में सहभागिता, जिला रेडक्रॉस कार्यालय के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय परिसर अथवा अन्य उपयुक्त स्थान का चयन तथा आवश्यकतानुसार कर्मचारी की नियुक्ति सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
इसके अलावा भविष्य में ब्लड स्टोरेज सेंटर की स्थापना, अंगदान के लिए जिला स्तरीय समिति के गठन तथा युवाओं को युवोदय रेडक्रॉस मितान योजना से जोड़ने सहित अन्य गतिविधियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में वाइस चेयरमैन बालाराम साहू, गिरीश कुर्रे, केशव साहू, आर्यन सिन्हा, अमन गुप्ता, यूगल किशोर, सीएस डॉ. आयुष जायसवाल , डीपीएम अशरफ अंसारी सहित जिला प्रबंध समिति के सदस्य सीए प्रशांत गुप्ता, शैलेश शिवहरे, बसंत रॉय, शैलेंद्र शर्मा, हिमांशु अवस्थी, कमलेश गुप्ता, सुधीर अग्रवाल, आशीष बड़ेरिया, डॉ. गौरवकांत बड़ेरिया, रवि गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




0 टिप्पणियाँ