नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट
कोरिया चरचा कालरी.......नगर पालिका शिवपुर-चरचा की सामान्य सभा की बैठक नगर पालिका कार्यालय परिसर में नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विकास कार्यों, निर्माण कार्यों की निविदा, सामाजिक सहायता योजना, जाति सत्यापन, STP के लिए भूमि, कोयला लोडिंग की निगरानी सहित निकाय के राजस्व को बढ़ाने वाले कई महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीरता से विचार-विमर्श कर निर्णय लिए गए बैठक में अधोसंरचना मद के अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए निविदा में प्राप्त न्यूनतम दरों की स्वीकृति के संबंध में विचार-विमर्श किया गया तथा आवश्यक निर्णय लिया गया। इससे आगामी निर्माण एवं विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
वहीं सामाजिक सहायता योजना अंतर्गत प्राप्त विभिन्न प्रकरणों की स्वीकृति पर भी चर्चा कर निर्णय लिया गया। नगर पालिका क्षेत्र के नागरिकों द्वारा जाति प्रमाण-पत्र सत्यापन के लिए प्रस्तुत आवेदनों पर भी सामान्य सभा में विचार किया गया तथा जाति सत्यापन के संबंध में आवश्यक निर्णय लिए गए।
वार्ड क्रमांक-1 शिवपुर में STP निर्माण के लिए भूमि के संबंध में भी बैठक में महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इस विषय पर लिए गए निर्णय को क्षेत्र की स्वच्छता एवं पर्यावरणीय व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।चरचा कलरी के कोयला लोडिंग कांटाघर में कोयला लोडिंग के भौतिक सत्यापन एवं निगरानी के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाए जाने के संबंध में भी बैठक में विचार किया गया। कोयला लोडिंग से जुड़े विषय को सामान्य सभा के एजेंडे में शामिल किया जाना निकाय की नई सक्रिय कार्यशैली को दर्शाता है।बैठक का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष निकाय के राजस्व में वृद्धि के नए रास्तों पर विचार रहा। निकाय क्षेत्र में नाका के माध्यम से ट्रकों द्वारा किए जाने वाले कोयला परिवहन पर नियमानुसार कर वसूली के संबंध में सभी सदस्यों से विचार-विमर्श किया गया।यदि इस दिशा में प्रभावी व्यवस्था बनती है तो नगर पालिका को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हो सकता है, जिसका उपयोग क्षेत्र के विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किया जा सकेगा।वित्तीय वर्ष 2015-16 में एसईसीएल द्वारा संयुक्त सर्वे में भूमिगत खदान एवं खुली खदान भूमि का सर्वे कार्य को पूर्ण कराए जाने के संबंध में भी बैठक में विचार-विमर्श कर आवश्यक निर्णय लिया गया।
नगर पालिका की नवपदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती मुक्ता सिंह द्वारा सामान्य सभा के एजेंडे में राजस्व एवं निगरानी से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किए जाने की विशेष रूप से सराहना की जा रही है।
उनके कार्यभार संभालने के बाद निकाय की बैठकों में केवल पारंपरिक विकास कार्यों तक सीमित रहने के बजाय राजस्व वृद्धि, संसाधनों के बेहतर उपयोग, निगरानी व्यवस्था और वर्षों से लंबित विषयों पर भी चर्चा शुरू हुई है।विशेषज्ञों का मानना है कि किसी भी स्थानीय निकाय के मजबूत विकास की पहली शर्त उसका मजबूत राजस्व आधार होता है। ऐसे में कोयला परिवहन, लोडिंग गतिविधियों और लंबित सर्वे जैसे विषयों को गंभीरता से लेना नगर पालिका के लिए दूरगामी दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। सीएमओ श्रीमती मुक्ता सिंह की सक्रियता से यदि इन निर्णयों को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाता है तो शिवपुर-चरचा नगर पालिका को अतिरिक्त राजस्व मिलने के साथ विकास कार्यों को भी नई गति मिल सकती है।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल, उपाध्यक्ष राजेश सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती मुक्ता सिंह, उप अभियंता आलोक चक्रधारी सहित पार्षद श्रीमती रामकली पाल, धर्मपाल ,लालमोहम्मद कुंडल साय, धर्मपाल, प्रदीप राजवाड़े सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ