कोरिया बैकुंठपुर। रक्षाबंधन पर्व नजदीक आते ही शहर के बाजार रंग-बिरंगी राखियों से सज गए हैं। राखी की दुकानों पर बहनों को आकर्षित करने के लिए इस बार कई तरह की डिजाइन और वैरायटी उपलब्ध हैं। बाजार में पारंपरिक राखियों के साथ आधुनिक और बच्चों की पसंद को ध्यान में रखते हुए कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां भी खूब नजर आ रही हैं।
दुकानों पर इलेक्ट्रॉनिक राखी, डोरेमोन राखी, विभिन्न कार्टून कैरेक्टर वाली राखी, रेशम के धागे वाली पारंपरिक राखी सहित कई तरह की सजावटी राखियां आई हैं। रंग-बिरंगे मोतियों, चमकीले धागों और आकर्षक सजावट से तैयार राखियां लोगों का ध्यान खींच रही हैं। बच्चों में विशेष रूप से कार्टून कैरेक्टर वाली राखियों को लेकर उत्साह देखा जा रहा है, जबकि युवा और महिलाएं आकर्षक डिजाइन वाली राखियों की खरीदारी कर रही हैं।
बाजार में राखियों की कीमत भी अलग-अलग है। सामान्य राखियां जहां 5 रुपये से शुरू होकर 500 रुपये तक की कीमत में उपलब्ध हैं, वहीं आकर्षक और विशेष डिजाइन वाली राखियों की मांग भी बनी हुई है। दुकानदार सुनील शर्मा, प्रवेश द्विवेदी, अनुराग दुबे का कहना है कि रक्षाबंधन को लेकर खरीदारी धीरे-धीरे बढ़ रही है और आने वाले दिनों में बाजार में और अधिक भीड़ होने की उम्मीद है।
राखियों के साथ ही रक्षाबंधन पर्व को लेकर मिठाई की दुकानों पर भी रौनक बढ़ गई है। विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के साथ दुकानदारों ने पर्व को देखते हुए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के साथ मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियां मनाएंगी।
रक्षाबंधन को लेकर बाजार में बढ़ी चहल-पहल से व्यापारियों में भी उत्साह है। पर्व के चलते राखी, मिठाई और उपहारों की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है।


0 टिप्पणियाँ