बिजली बिल वृद्धि और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का बिगुल, नगर पालिका चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी आंदोलन की तैयारी


कोरिया बैकुंठपुर / आगामी नगर पालिका चुनाव को देखते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शिवपुर-चरचा ने जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष का शंखनाद कर दिया है। शुक्रवार को इंटक कार्यालय,राजीव गांधी चौक चरचा में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक में बिजली बिलों में हुई भारी बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर लगाए जाने का पुरजोर विरोध करते हुए चरणबद्ध जन आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता एवं ब्लॉक प्रभारी अशोक जायसवाल की विशेष उपस्थिति रही, जबकि अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजीत लकड़ा ने की। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी नगर पालिका चुनाव की रणनीति और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बढ़ते बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर को लेकर आम जनता में भारी नाराजगी है। ऐसे में कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़क पर उतरेगी। बैठक में तय किया गया कि बिजली,पानी, सड़क,सफाई सहित स्थानीय समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन, आम सभाएं और जनजागरण अभियान चलाए जाएंगे तथा जनता के हितों की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ी जाएगी।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता,ब्लॉक प्रभारी अशोक जायसवाल और ब्लॉक अध्यक्ष अजीत लकड़ा ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रूप से जुटने का आह्वान किया।

बैठक में मंडल अध्यक्ष जागृत कुर्रे, हेमसागर यादव,शिवमूरत चरमकार, रामाधार टोप्पो,अनिल सिंह, अभिजीत सिंह,युवा जिला अध्यक्ष सुमन दुबे,श्रवण सिंह,राजू मोदी, पार्षद प्रदीप रजवाड़े,एजाज गुड्डू, नौसाद अली,मोहम्मद सोनू,संतोष चौहथा, दिनेश यादव,दीपक बरैठा, सूरज,कालिया,राकेश,सोहन स्वामी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ते बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर की व्यवस्था से आम उपभोक्ता आर्थिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया तो कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। इसके तहत प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा तथा उनकी समस्याओं को एकत्रित कर प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा।

नगर पालिका चुनाव को लेकर भी बैठक में संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की गई। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता से संवाद स्थापित करें और स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं। पार्टी का लक्ष्य जनविश्वास हासिल कर नगर पालिका में कांग्रेस की मजबूत वापसी सुनिश्चित करना है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि क्षेत्र में पेयजल संकट,जर्जर सड़कें,सफाई व्यवस्था,बेरोजगारी, महंगाई तथा अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार आंदोलन किए जाएंगे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता से जुड़े हर मुद्दे पर पार्टी मजबूती के साथ खड़ी रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन,रैली एवं आमसभाओं का आयोजन किया जाएगा।

बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने,आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा आगामी नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा और सक्रियता से जुटने का संकल्प लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ