कोरिया बैकुंठपुर । जिला मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित प्रेमाबाग पत्रकार भवन के विस्तार एवं आवश्यक निर्माण कार्यों के लिए जिला जर्नलिस्ट प्रेस क्लब कोरिया ने कोरिया जिले के प्रभारी मंत्री राम विचार नेताम तथा पूर्व मंत्री एवं बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े से 5 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कराने की मांग की है। इस संबंध में प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने मंत्री एवं विधायक को पत्र सौंपकर पत्रकारों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सहयोग का आग्रह किया है।
जिला जर्नलिस्ट प्रेस क्लब द्वारा दिए गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि जिला मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित प्रेमाबाग में पत्रकारों के लिए लगभग 35 लाख रुपये की लागत से पत्रकार भवन का निर्माण कराया गया है। वर्तमान समय में पत्रकारों की बढ़ती आवश्यकताओं तथा विभिन्न गतिविधियों को देखते हुए भवन के परिसर एवं भवन में अतिरिक्त कक्ष सहित अन्य आवश्यक विस्तार कार्य कराया जाना प्रस्तावित है।
पत्र में कहा गया है कि पत्रकार भवन पत्रकारों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में कार्य करता है। यहां पत्रकारों की बैठक, समाचार संकलन से जुड़ी गतिविधियों सहित विभिन्न सामाजिक एवं पत्रकारिता संबंधी कार्यक्रम आयोजित होते हैं। ऐसे में भवन में अतिरिक्त सुविधाओं और आवश्यक संसाधनों का विस्तार किया जाना समय की जरूरत है।
जिला जर्नलिस्ट प्रेस क्लब ने मंत्री नेताम तथा विधायक भैयालाल राजवाड़े से आग्रह किया है कि पत्रकार भवन के विस्तार एवं आवश्यक निर्माण कार्यों के लिए 5 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कराने की कृपा करें, ताकि भवन को पत्रकारों के लिए और अधिक सुविधाजनक बनाया जा सके। क्लब का कहना है कि अतिरिक्त कक्ष एवं अन्य आवश्यक निर्माण कार्य पूर्ण होने से पत्रकारों को कार्य करने के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा।
पत्रकार भवन के विस्तार की मांग को लेकर सौंपे गए इस पत्र में प्रेस क्लब ने विधायक से पत्रकार हित में सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की है। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकार समाज और शासन-प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। पत्रकारों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होने से वे अपनी जिम्मेदारियों का और अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकेंगे।
जिला जर्नलिस्ट प्रेस क्लब ने उम्मीद जताई है कि विधायक श्री राजवाड़े द्वारा पत्रकारों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 5 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कराने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। इससे प्रेमाबाग स्थित पत्रकार भवन के विस्तार कार्य को गति मिलने के साथ ही जिले के पत्रकारों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त हो सकेंगी।


0 टिप्पणियाँ