कोरिया बैकुंठपुर । कोरिया जिले के निवासियों के लिए यह ऐतिहासिक और अत्यंत हर्ष का विषय है। बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक भैया लाल राजवाड़े की लगातार मांग, पत्राचार और सार्थक प्रयासों के परिणामस्वरूप एसईसीएल (SECL) द्वारा सीएसआर मद से ₹18.65 करोड़ की लागत से MRI मशीन की स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में इसे बैकुंठपुर विधानसभा सहित पूरे कोरिया जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
विधायक भैया लाल राजवाड़े द्वारा क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एसईसीएल परिवार के समक्ष लगातार MRI मशीन की आवश्यकता को प्रमुखता से रखा गया। उनके निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप अब जिले को आधुनिक चिकित्सा जांच की यह महत्वपूर्ण सुविधा मिलने जा रही है।
MRI मशीन की सुविधा उपलब्ध होने से गंभीर बीमारियों की पहचान और जांच के लिए मरीजों को अब अंबिकापुर, बिलासपुर, रायपुर जैसे बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को समय पर जांच और उपचार मिल सकेगा।
इस सुविधा का सबसे बड़ा लाभ जिले के आम, गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलेगा। MRI जांच के लिए दूसरे शहरों की यात्रा, आने-जाने का खर्च, रहने की परेशानी और उपचार में होने वाली देरी से उन्हें राहत मिलेगी। गंभीर रोगों की समय पर पहचान होने से चिकित्सकों को भी उपचार की बेहतर दिशा तय करने में मदद मिलेगी।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि ₹18.65 करोड़ की लागत से MRI मशीन की स्वीकृति कोरिया जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। इससे बैकुंठपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं अपने ही जिले में उपलब्ध हो सकेंगी।
इस जनकल्याणकारी उपलब्धि पर पूरे कोरिया जिले में हर्ष का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने विधायक भैया लाल राजवाड़े के प्रयासों तथा एसईसीएल के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सौगात के लिए पूरे जिलेवासियों को बधाई दी है।



0 टिप्पणियाँ