अमरनाथ यात्रा से लौटे श्रद्धालु ने साझा किए आध्यात्मिक अनुभव, बोले— हर कदम था आस्था, सेवा और धैर्य की परीक्षा


कोरिया बैकुंठपुर। पवित्र  अमरनाथ यात्रा पूर्ण कर लौटे एक श्रद्धालु ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बाबा बर्फानी की यात्रा केवल हिमलिंग के दर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन को नई सोच, अटूट विश्वास और सेवा का संदेश देने वाली आध्यात्मिक साधना है। लगभग 50 किलोमीटर की कठिन पदयात्रा पूरी कर लौटे श्रद्धालु ने कहा कि पैरों की थकान समय के साथ मिट जाएगी, लेकिन यात्रा के दौरान मिले अनुभव जीवनभर प्रेरणा देते रहेंगे।

इस संबंध में कोरिया जिले के चरचा कालरी निवासी भूपेंद्र यादव ने बताया किया कि यात्रा मार्ग में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं से मुलाकात हुई। सभी की भाषा, वेशभूषा और संस्कृति भले ही अलग थी, लेकिन "हर-हर महादेव" और "जय बाबा बर्फानी" के जयघोष ने सभी को एक सूत्र में बांधे रखा। यही भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी पहचान है।

श्रद्धालु ने यात्रा मार्ग में सेवा कार्य में जुटे स्वयंसेवकों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि बारिश, कड़ाके की ठंड और दुर्गम परिस्थितियों के बीच भी भंडारों में दिन-रात श्रद्धालुओं की सेवा की जा रही थी। वहीं सुरक्षा व्यवस्था में तैनात भारतीय सेना, अर्धसैनिक बलों, जम्मू-कश्मीर पुलिस तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी भी पूरे यात्रा मार्ग में देखने को मिली। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों की सतर्कता और सेवा भावना के कारण ही लाखों श्रद्धालु निर्भय होकर यात्रा पूरी कर पा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अमरनाथ यात्रा प्रकृति के विराट स्वरूप का साक्षात दर्शन कराती है। ऊंचे-ऊंचे पर्वत, बर्फ से ढकी चोटियां, बारिश, फिसलन भरे रास्ते और कठिन चढ़ाई हर यात्री के धैर्य और संकल्प की परीक्षा लेते हैं। इन चुनौतियों के बीच आगे बढ़ते हुए यह एहसास होता है कि प्रकृति के सामने मनुष्य कितना छोटा है और ईश्वर की कृपा ही सबसे बड़ी शक्ति है।

श्रद्धालु ने कहा कि बाबा बर्फानी के दर्शन भले ही कुछ क्षणों के होते हैं, लेकिन वहां तक पहुंचने वाला हर कदम तपस्या के समान होता है। इस यात्रा ने उन्हें विश्वास, धैर्य, विनम्रता और सेवा का वास्तविक अर्थ समझाया है। उन्होंने कहा कि वे अपने साथ केवल तस्वीरें नहीं, बल्कि ऐसी अनमोल स्मृतियां लेकर लौट रहे हैं जो जीवनभर उनका मार्गदर्शन करती रहेंगी।

 श्री यादव ने बताया कि कहा कि "बाबा बुलाते हैं, तभी बुलावा आता है।" बाबा बर्फानी की असीम कृपा से यात्रा सकुशल पूर्ण हुई, इसके लिए उन्होंने भगवान शिव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सभी श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ