रामानुजगंज। भगवान शिव की आराधना का पवित्र माह सावन इस वर्ष 29 से प्रारंभ हो रहा है। सावन माह के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु पवित्र जल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर में जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं। इन श्रद्धालुओं की अनेक टोलियां प्रतिवर्ष बलरामपुर जिले के रामानुजगंज नगर से होकर गुजरती हैं।
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी कांवड़ियों की सेवा एवं स्वागत की व्यापक तैयारियों को लेकर कांवरिया सेवा समिति, रामानुजगंज द्वारा एक योजना बैठक का आयोजन किया गया है। यह बैठक 11 जुलाई शनिवार, शाम 5:00 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय मांगलिक भवन में आयोजित होगी, जिसमें सेवा कार्यों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
बैठक में कांवड़ियों के लिए भोजन, पेयजल, विश्राम, प्राथमिक चिकित्सा, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की विस्तृत योजना पर चर्चा की जाएगी। समिति का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दूर-दराज़ से आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को रामानुजगंज में सेवा, सहयोग और आत्मीयता का अनुभव हो।
रामानुजगंज नगर वर्षों से कांवड़ियों की सेवा के लिए अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। सावन के दौरान नगर के अनेक सामाजिक संगठन, व्यापारी, युवा, महिलाएं और श्रद्धालु मिलकर निःस्वार्थ भाव से सेवा कार्यों में जुट जाते हैं। यहां भोजन, शीतल पेयजल, विश्राम एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाती है, जिससे लंबी यात्रा कर रहे शिवभक्तों को राहत मिल सके।
कांवरिया सेवा समिति, रामानुजगंज के संयोजक रमन अग्रवाल ने नगर के सभी सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, युवाओं एवं शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में बैठक में उपस्थित होकर सेवा कार्यों में सहभागिता निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सेवा भगवान भोलेनाथ की सेवा के समान है और इस पुनीत कार्य में सभी का सहयोग अपेक्षित है।
समिति ने नगरवासियों से अनुरोध किया है कि वे इस सेवा अभियान से जुड़कर सावन माह में आने वाले शिवभक्तों का आत्मीय स्वागत करें तथा रामानुजगंज की सेवा एवं श्रद्धा की परंपरा को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दें।


0 टिप्पणियाँ