विश्व रक्तदाता दिवस पर बैकुंठपुर में रक्तदान शिविर आज, रक्तदान के लिए किया गया आह्वान


कोरिया बैकुंठपुर। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर कोयला मजदूर सभा (हिंद मजदूर सभा) बैकुंठपुर क्षेत्र द्वारा रविवार 14 जून 2026 को एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर क्षेत्रीय मुख्यालय डिस्पेंसरी, एसईसीएल बैकुंठपुर में सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा। आयोजन समिति ने क्षेत्र के कर्मचारियों, श्रमिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर रक्तदान करने की अपील की है।

कोयला मजदूर सभा के योगेंद्र मिश्रा सहित पदाधिकारियों ने बताया कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, ऑपरेशन तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण मानवीय सेवा है।

आयोजकों के अनुसार विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा रक्तदान से जुड़े भ्रमों को दूर करना है। साथ ही युवाओं को नियमित रूप से रक्तदान के लिए प्रेरित करना भी अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।

कोयला मजदूर सभा (हिंद मजदूर सभा) ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा है कि वे रक्तदान शिविर में पहुंचकर इस सामाजिक और मानवीय कार्य में सहभागी बनें तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग करें। समिति ने कहा कि "रक्तदान महादान" की भावना के साथ किया गया एक छोटा-सा प्रयास किसी व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है।

आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और बड़ी संख्या में लोगों के रक्तदान करने की संभावना जताई जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ