कोरिया सोनहत। पूर्व संसदीय सचिव एवं भारतीय जनता पार्टी की जिला अध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले ने सोनहत विकासखंड के ग्राम केशगंवा में आयोजित प्रभु श्रीराम मानस गायन-वादन प्रतियोगिता में शामिल होकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीराम के मानस पाठ का श्रवण कर आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया तथा क्षेत्रवासियों को धर्म और संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में पहुंचने पर रामायण मंडली के सदस्यों, ग्रामीणों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्रीमती पावले का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने पुष्पहार पहनाकर उनका अभिनंदन किया और क्षेत्र के विकास तथा जनहित के कार्यों में उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
मानस गायन-वादन प्रतियोगिता में विभिन्न रामायण मंडलियों द्वारा प्रभु श्रीराम के जीवन चरित्र, आदर्शों एवं मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के संदेशों का संगीतमय प्रस्तुतीकरण किया गया। भजनों और चौपाइयों की मधुर प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रीमती पावले ने कलाकारों एवं मंडलियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि रामचरितमानस केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की प्रेरणा देने वाला महान ग्रंथ है। इसके आदर्श समाज में सद्भाव, नैतिकता और संस्कारों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने युवाओं से भी भारतीय संस्कृति और धार्मिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
क्षेत्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने वाली श्रीमती चंपा देवी पावले को हाल ही में भाजपा जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके कार्यक्षेत्र का विस्तार हुआ है। संगठनात्मक दायित्व मिलने के पश्चात उनका जनसंपर्क और अधिक मजबूत हुआ है तथा वे लगातार गांव-गांव पहुंचकर आम लोगों से संवाद स्थापित कर रही हैं। इसका सकारात्मक प्रभाव क्षेत्र में देखने को मिल रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि चंपा देवी पावले लगातार क्षेत्र के लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनती हैं और समाधान के लिए प्रयासरत रहती हैं। यही कारण है कि उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। केशगंवा में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति ने ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के उत्साह को और बढ़ा दिया तथा कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



0 टिप्पणियाँ