कोरिया बैकुंठपुर । पुलिस अधीक्षक कोरिया के निर्देश पर जिले में अवैध नशीले पदार्थों के सेवन एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बैकुण्ठपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक कोरिया द्वारा जिले में संचालित अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेशा चौबे तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी राजेश साहू के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बैकुण्ठपुर द्वारा विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
दिनांक 3 जून 2026 को थाना बैकुण्ठपुर क्षेत्र के ग्राम भडारपारा में मुखबिर से सूचना मिली कि सलवा-केरीलधोवा निवासी सुलेश सिंह अपने एक साथी के साथ खड़गवां-रतनपुर मार्ग से भारी मात्रा में गांजा लेकर आया है तथा भडारपारा स्थित घुटरी के पास ग्राहकों को गांजा बेचने के लिए बुलाया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी सुलेश सिंह पिता रंगबहादुर सिंह, निवासी सलवा केरीलधोवा, जिला कोरिया के कब्जे से 16.70 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 1 लाख 32 हजार 560 रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 16 सीआर 2139 भी जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी गई है। इस प्रकार पुलिस ने कुल 1 लाख 82 हजार 560 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 176/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजेश तिवारी, आरक्षक दिनेश उईके, अमल कुजूर, समीर जायसवाल, राजेश कुमार तथा सैनिक भगवान दास का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि थाना क्षेत्र में संचालित अवैध नशे के कारोबारियों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

0 टिप्पणियाँ