कोरिया बैकुंठपुर। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 14 जून 2026 को जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में विशेष रक्तदान शिविर एवं रक्तदाता सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला कोरिया (बैकुंठपुर) द्वारा जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों, महाविद्यालयों एवं सामाजिक संगठनों को पत्र जारी कर अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई है।
जारी पत्र के अनुसार भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी छत्तीसगढ़ राज्य शाखा रायपुर के निर्देशानुसार विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रक्तदान को बढ़ावा देने तथा नियमित रक्तदाताओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
रक्तदान शिविर का आयोजन आईसीएमआर डिस्पेंसरी बीएमएच अस्पताल, ऑफिसर सेक्टर कॉलोनी, बैकुंठपुर में किया जाएगा। शिविर का समय प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस दौरान इच्छुक नागरिक रक्तदान कर सकेंगे तथा समाजसेवा के इस महत्त्वपूर्ण अभियान में अपनी भागीदारी निभा सकेंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के सभी सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, युवाओं एवं जागरूक नागरिकों से अपील की है कि वे रक्तदान शिविर में शामिल होकर अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करें। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महादान है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिल सकता है।
कार्यक्रम के दौरान नियमित एवं प्रेरणादायी योगदान देने वाले रक्तदाताओं का सम्मान भी किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग एवं रेडक्रॉस सोसायटी को उम्मीद है कि इस आयोजन में जिलेभर से बड़ी संख्या में लोग भाग लेकर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य को सफल बनाएंगे। रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित रक्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

0 टिप्पणियाँ