कोरिया बैकुंठपुर। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में शुक्रवार शाम आई तेज आंधी और खराब मौसम के कारण शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह से बाधित हो गई। तेज हवाओं के चलते शहर के कई हिस्सों में पेड़ और बड़ी-बड़ी शाखाएं टूटकर बिजली खंभों एवं तारों पर गिर गईं, जिससे अनेक वार्ड अंधेरे में डूब गए। मौसम खराब होने से आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैलेश शिवहरे, नगर पालिका उपाध्यक्ष आशीष यादव, अनुराग दुबे, रजनीश गुप्ता एवं उनके सहयोगी तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। नगर पालिका की टीम के साथ मिलकर सभी ने रातभर अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर गिरे हुए पेड़ों को हटाने का कार्य किया ताकि बिजली व्यवस्था जल्द से जल्द बहाल की जा सके।
बताया गया कि कई स्थानों पर पेड़ सीधे बिजली खंभों और तारों पर गिर गए थे, जिसके कारण विद्युत आपूर्ति बहाल करने में काफी कठिनाई आ रही थी। इसके बावजूद जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने लगातार मेहनत करते हुए देर रात्रि लगभग 3 बजे तक राहत एवं सुधार कार्य जारी रखा।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस दौरान सहयोग किया और नगर पालिका टीम के प्रयासों की सराहना की। लोगों का कहना था कि खराब मौसम और अंधेरे के बावजूद जिस तरह से टीम ने सक्रियता दिखाई, उससे जल्द ही हालात सामान्य होने लगे।
नगर पालिका एवं विद्युत विभाग की संयुक्त टीम द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि शेष स्थानों पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है ताकि पूरी बिजली व्यवस्था सुचारू रूप से बहाल हो सके।

0 टिप्पणियाँ