कोरिया बैकुंठपुर। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य से व्यापक संगठनात्मक पुनर्गठन प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष Alka Lamba द्वारा कार्यालय आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की वर्तमान कार्यकारिणी को प्रदेश, जिला, ब्लॉक एवं बूथ स्तर पर तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। संगठन में नई कार्यकारिणियों का गठन शीघ्र किया जाएगा। यह पुनर्गठन संगठन की सक्रियता, सदस्यता अभियान में योगदान, जनसंपर्क, संघर्षशील भूमिका तथा संगठन के प्रति समर्पण को आधार बनाकर किया जाएगा।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी नियुक्तियां एवं संगठनात्मक जिम्मेदारियां केवल और सीधे अखिल भारतीय महिला कांग्रेस द्वारा व्यापक चर्चा एवं सर्वसम्मति के बाद घोषित की जाएंगी। संगठन का उद्देश्य महिला कांग्रेस को जमीनी स्तर तक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाना है, ताकि जनहित के मुद्दों पर संगठन मजबूती के साथ अपनी भूमिका निभा सके।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा ने संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से पुनर्गठन प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग प्रदान करने की अपेक्षा जताई है। उन्होंने कहा कि संगठन को नई ऊर्जा और दिशा देने के लिए यह कदम उठाया गया है, जिससे महिला कांग्रेस की कार्यशैली को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
इस आदेश के जारी होने के बाद प्रदेशभर में महिला कांग्रेस संगठन में नई नियुक्तियों और जिम्मेदारियों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं में नई कार्यकारिणी को लेकर उत्सुकता देखी जा रही है।

0 टिप्पणियाँ