कोरिया बैकुंठपुर । कोरिया जिले में जनसुरक्षा और त्वरित सहायता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। पुलिस लाइन बैकुंठपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान “नेक्स्ट जेन छत्तीसगढ़ डायल-112” सेवा के अत्याधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस नई व्यवस्था के शुरू होने से जिले के शहरों से लेकर दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक आम नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों में शीघ्र और प्रभावी सहायता उपलब्ध रहेगी।
कार्यक्रम में बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक भैयालाल राजवाड़े जिले की कलेक्टर रोक्तिमा यादव, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े सहित प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नई डायल-112 सेवा को जनता की सुरक्षा और विश्वास से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में तेजी से बदलती परिस्थितियों के बीच पुलिस व्यवस्था को तकनीकी रूप से मजबूत बनाना अत्यंत आवश्यक हो गया है। “नेक्स्ट जेन छत्तीसगढ़ डायल-112” सेवा आधुनिक संचार प्रणाली और त्वरित रिस्पॉन्स तंत्र से लैस है, जिससे किसी भी दुर्घटना, अपराध, सड़क हादसे, महिला सुरक्षा अथवा अन्य आपातकालीन स्थितियों में तुरंत सहायता पहुंचाई जा सकेगी।
बताया गया कि नए वाहनों के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच और निगरानी क्षमता में वृद्धि होगी। इससे न केवल अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव भी मजबूत होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी अब पहले की अपेक्षा अधिक तेज और प्रभावी पुलिस सहायता प्राप्त हो सकेगी।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि डायल-112 सेवा नागरिकों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का माध्यम बनेगी। यह पहल सुरक्षा, न्याय प्रणाली और नागरिक सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
जनप्रतिनिधियों ने राज्य शासन और पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा आधुनिक तकनीक से लैस यह सेवा निश्चित रूप से कोरिया जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगी।




0 टिप्पणियाँ