किशोरी बालिकाओं के लिए एचपी वैक्सीन जरूरी, कलेक्टर ने की अपील-भ्रामक खबरों से रहें दूर


कोरिया बैकुंठपुर।  जिले में किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहल के तहत 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) वैक्सीन नि:शुल्क लगाई जा रही है। यह अभियान भारत सरकार के निर्देश पर संचालित है और सरकारी अस्पतालों में यह टीका उपलब्ध कराया जा रहा है।

जिला कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी ने किशोरियों और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे 14 से 15 वर्ष तक की बालिकाओं को अनिवार्य रूप से एचपीवी वैक्सीन लगवाएं। उन्होंने कहा कि यह टीका गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की रोकथाम में बेहद प्रभावी है और इसे लेकर फैल रही भ्रामक जानकारियों पर ध्यान न दें।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और किशोरियों में इसके प्रति मजबूत प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया देखी गई है। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता बढ़ाकर ही इस गंभीर बीमारी से बचाव संभव है।

गौरतलब है कि सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं में कैंसर से होने वाली मौतों के प्रमुख कारणों में शामिल है। ऐसे में समय पर टीकाकरण इस बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम कर सकता है।

जिला प्रशासन ने अभिभावकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे अपनी बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए इस अवसर का लाभ अवश्य उठाएं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ