नवगठित प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति छिन्दीया का वर्चुअल शुभारंभ, किसानों में उत्साह


कोरिया बैकुंठपुर। जिले में नवगठित प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति छिन्दीया का वर्चुअल शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के करकमलों द्वारा किया गया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप उपाध्यक्ष जिला पंचायत कोरिया वंदना राजवाड़े ने सहभागिता दर्ज की गई। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनिल कुमार साहू, भाजपा जिला महामंत्री कपिल जैसवाल सहित संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच, उप सरपंच, सहकारी समिति के प्राधिकृत अधिकारी, प्रबंधक, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेश भर में “सहकार से समृद्धि” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एक साथ 515 नई प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों का वर्चुअल शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इन समितियों के माध्यम से किसानों को सस्ती दरों पर ऋण, उर्वरक, बीज एवं अन्य कृषि संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और इनके सशक्त होने से किसानों का विकास सुनिश्चित होता है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे सहकारिता से जुड़कर अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आत्मनिर्भर बनें।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए इस पहल को किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया। शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र के किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

यह पहल निश्चित रूप से किसानों के जीवन स्तर को सुधारने एवं ग्रामीण विकास को नई गति देने में सहायक सिद्ध होगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ