कोरिया बैकुंठपुर/ कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के महाविद्यालय में अध्यनरत छात्र-छात्राओं का बैच 1994-95 के मित्रों का 33 वर्षों बाद 10 से 12 अप्रैल तक आयोजित भव्य रीयूनियन कोरिया जिले में यादगार बन गया। देश के विभिन्न शहरों और राज्यों—रायपुर, भोपाल, बिलासपुर, बिहार, झारखंड, अहमदाबाद, दुर्ग, मनेन्द्रगढ़ सहित कई स्थानों से पुराने सहपाठी अपने बचपन और युवावस्था की सुनहरी यादों को फिर से जीने के लिए कोरिया पहुंचे। इस खास आयोजन की कमान महिला मित्रों की टीम ने संभाली, जिन्होंने रामसेतु होटल में ठहरने और कार्यक्रम की शानदार व्यवस्था की।
रीयूनियन के पहले दिन सभी मित्रों ने अपने गुरुजनों का आत्मीय स्वागत और सम्मान किया। चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया गया, जिससे माहौल भावुक हो उठा। इसके बाद सभी ने कोरिया पैलेस और झुमका डैम का भ्रमण किया, जहां डांस, मस्ती, सेल्फी और ग्रुप फोटो के बीच पुराने दिनों की यादें ताजा हो गईं। शाम को 90 के दशक के गीतों पर जमकर डांस हुआ और हंसी-ठिठोली के बीच कॉलेज के दिन फिर जीवंत हो उठे।
दूसरे दिन सभी मित्र अपने पुराने शिक्षण संस्थान रामानुज प्रताप सिंह कॉलेज पहुंचे और कक्षाओं, परिसर व मैदान का भ्रमण कर छात्र जीवन को याद किया। इसके बाद गर्ल्स स्कूल और अभ्यास शाला प्राइमरी स्कूल जाकर बचपन की मासूम यादें ताजा कीं। प्रार्थना स्थल पर सभी ने एक साथ “जन-गण-मन” राष्ट्रगान गाया, जिससे वातावरण भावनाओं से भर गया। इस दौरान स्कूल प्राचार्य भी उपस्थित रहे। मित्रों ने खेलकूद, हंसी-मजाक और पुरानी शरारतों को याद कर खूब आनंद लिया।
इसी दौरान गुलाब गुप्ता, शांति बड़ेरिया, आलोक, आशीष, अनूप, मोनू, रुचि बड़ेरिया एवं उनके परिवार ने सभी का आत्मीय स्वागत कर उपहार भेंट किए, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।
तीसरे दिन सभी ने सोनहत स्थित घुनघुट्टा डैम और आनंदपुर नर्सरी सुंदर वन का भ्रमण किया। हरियाली, पहाड़ों और ठंडी हवाओं के बीच सभी ने सुकून के पल बिताए। फोटोशूट, डांस, गीत-संगीत और बचपन की यादों ने इस दिन को और भी खास बना दिया।
तीन दिनों तक चले इस रीयूनियन में दोस्ती, अपनापन, सम्मान और पुरानी यादों का अनूठा संगम देखने को मिला। 33 साल बाद मिले इन दोस्तों ने यह साबित कर दिया कि सच्ची दोस्ती समय और दूरी की मोहताज नहीं होती।
इस यादगार रीयूनियन में शामिल प्रमुख साथी:
मोना जायसवाल, अपर्णा मित्रा, प्रीती गुप्ता, जितेंद्र जैन, ज्योति सिंह, प्रदीप नामदेव, अनुराधा मंडल, सुरेश गुप्ता, मनोरमा शुक्ला, रेनू, आरती सिंह, आशा पटवा, रेखा यादव, गीता सिंह, शालिनी गुप्ता, अमूदा कृष्णनन, रुहिली दास, रंजीता गुप्ता, कृपा पांडे, अंजू जैन, सुमन दुबे, शोभा सोनी, अभय बड़ेरिया, आलोक यादव, भूपेंद्र सिंह, भूपेंद्र पाल, विजय सिंह ठाकुर, आशीष गुप्ता, धीरेन्द्र दीक्षित, अजीत लकड़ा, डिम्मी गुप्ता, जय प्रकाश गुप्ता, कामिनी दुबे एवं अजीत पटेल सहित अन्य साथी उपस्थित रहे।


0 टिप्पणियाँ