कोरिया बैकुंठपुर। देशभर में आज से “जनगणना 2027” के अंतर्गत स्व-गणना (Self Enumeration) अभियान की शुरुआत हो गई है। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान के माध्यम से नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने का अवसर दिया जा रहा है, जिससे जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सटीक और सरल बनाया जा सके।
इस अभियान से जुड़ते हुए छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं लोकप्रिय विधायक भैयालाल राजवाड़े ने भी आज अपने परिवार के साथ स्व-गणना फॉर्म भरकर सहभागिता निभाई। उन्होंने इस पहल को देश के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए कहा कि जनगणना के माध्यम से ही सरकार को जनसंख्या, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति की सही जानकारी मिलती है, जिससे योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन संभव होता है।
राजवाड़े ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और स्व-गणना के माध्यम से अपनी जानकारी समय पर दर्ज करें। उन्होंने कहा कि 1 मई 2026 से शुरू होने वाले इस महाअभियान में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। इससे न केवल प्रशासनिक कार्यों में सुगमता आएगी, बल्कि देश के समग्र विकास की दिशा भी मजबूत होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि नागरिकों की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी ही सशक्त राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। इसलिए सभी लोग इस अवसर का लाभ उठाएं और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाएं।
जनगणना 2027 के इस अभियान को लेकर पूरे देश में उत्साह का माहौल है और उम्मीद की जा रही है कि अधिक से अधिक लोग इसमें हिस्सा लेकर इसे सफल बनाएंगे।

0 टिप्पणियाँ