डॉ सिंह देव के जन्म जयंती के अवसर पर टी एस सिंह देव ने श्रद्धा सुमन अर्पित किया


कोरिया बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं सरगुजा राजपरिवार के सदस्य टी. एस. सिंह देव ने अपने अभिभावक, वरिष्ठ कांग्रेस नेता तथा अविभाजित मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के पूर्व कैबिनेट मंत्री, छत्तीसगढ़ के प्रथम वित्त मंत्री स्वर्गीय रामचंद्र सिंहदेव (कोरिया अंकल) की जयंती पर उन्हें विनम्र नमन किया। उन्होंने कहा कि स्व. सिंहदेव का व्यक्तित्व और कृतित्व प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

टी. एस. सिंह देव ने अपने संदेश में कहा कि स्व. रामचंद्र सिंहदेव ने अपने कार्यकाल के दौरान विशेष रूप से सिंचाई एवं जल संवर्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय और स्मरणीय कार्य किए। इस क्षेत्र में उनकी विशेषज्ञता को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया। उन्होंने जल प्रबंधन और संसाधनों के संरक्षण को ग्रामीण विकास और कृषि समृद्धि की आधारशिला माना, जिसके दूरगामी सकारात्मक परिणाम प्रदेश को मिले।

उन्होंने आगे कहा कि नवगठित छत्तीसगढ़ राज्य की आर्थिक संरचना को सुदृढ़ बनाने में स्व. सिंहदेव की भूमिका ऐतिहासिक रही। प्रदेश के प्रथम वित्त मंत्री के रूप में उन्होंने वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और दीर्घकालिक विकास की सोच को प्राथमिकता दी। उनकी दूरदर्शिता के कारण राज्य की आर्थिक नींव मजबूत हुई, जिसका लाभ आज भी प्रदेश को मिल रहा है।

टी. एस. सिंह देव ने कहा कि स्व. रामचंद्र सिंहदेव का ज्ञान, सादगी, सौम्यता और जनसेवा के प्रति समर्पण हम सभी के लिए अनुकरणीय है। उनका सार्वजनिक जीवन कर्मनिष्ठा और आदर्शों से परिपूर्ण रहा। हम सभी उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं और श्रद्धा व सम्मान के साथ उनके योगदान को सदैव स्मरण करते रहेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ