कोरिया बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व वित्त मंत्री स्वर्गीय डॉ. रामचन्द्र सिंहदेव (कुमार साहब) की जयंती के अवसर पर नगर पालिका परिषद शिवपुर चर्चा में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद शिवपुर चर्चा के नेता प्रतिपक्ष लाल मुनि यादव ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने स्वर्गीय सिंहदेव के समाज के प्रति समर्पण और उनकी कार्यशैली को प्रेरणादायक बताया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. सिंहदेव ने अपने राजनीतिक जीवन में सदैव समाज के हर वर्ग—गरीब, किसान, मजदूर और जरूरतमंदों—की उन्नति के लिए कार्य किया। उनकी सादगी, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना उन्हें एक लोकप्रिय और सम्मानित जननेता बनाती है।
नेता प्रतिपक्ष लाल मुनि यादव ने कहा कि “डॉक्टर सिंहदेव के विचार और आदर्श हमारे लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने समाज के उत्थान के लिए जो रास्ता दिखाया, उस पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।” उन्होंने आगे कहा कि हम सभी को उनके सिद्धांतों को आत्मसात कर समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को नमन किया। श्रद्धांजलि सभा में यह भी कहा गया कि स्वर्गीय डॉ. रामचन्द्र सिंहदेव का योगदान प्रदेश के विकास और आर्थिक सुदृढ़ीकरण में सदैव स्मरणीय रहेगा।
जयंती के इस अवसर पर उनके आदर्शों को याद करते हुए सभी ने समाज सेवा और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया।

0 टिप्पणियाँ