नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट
कोरिया चरचा कॉलरी........अखिल भारतीय सेशन स्मृति गोल्ड कप फुटबॉल प्रतियोगिता के 50वें स्वर्ण जयंती वर्ष के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एसईसीएल बैकुंठपुर क्षेत्र के मुख्य महाप्रबंधक बी.एन. झा ने अपने उद्बोधन में एक ऐतिहासिक घोषणा करते हुए कहा कि बैकुंठपुर क्षेत्र में शीघ्र ही फुटबॉल अकादमी की स्थापना की जाएगी,उन्होंने बताया कि चरचा आर ओ माइंस क्षेत्र सहित पूरे बैकुंठपुर अंचल में निवासियों, विशेषकर युवाओं में फुटबॉल के प्रति गहरा लगाव और खेल भावना को देखते हुए एसईसीएल प्रबंधन ने बैकुंठपुर क्षेत्र में फुटबॉल अकैडमी प्रारंभ करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। प्रस्तावित फुटबॉल अकादमी में वर्ष में दो बार विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें एसईसीएल के 13 क्षेत्रों, मुख्यालय बिलासपुर तथा स्थानीय व ग्रामीण अंचल के प्रतिभावान खिलाड़ी और बच्चे लाभान्वित होंगे।
गौरतलब है कि चरचा कोयलांचल देशभर में खेलों के लिए विशेष पहचान रखता है, खासकर फुटबॉल के क्षेत्र में। यहां आयोजित होने वाली अखिल भारतीय सेशन स्मृति गोल्ड कप फुटबॉल प्रतियोगिता पिछले 50 वर्षों से निरंतर आयोजित की जा रही है, जो अपने आप में एक कीर्तिमान है। यही कारण है कि आज चरचा का नाम देश में फुटबॉल की पहचान बन चुका है।फुटबॉल के अतिरिक्त अन्य खेलों में भी कोरिया जिले ने अनेक प्रतिभावान खिलाड़ी देश को दिए हैं। जिले में कई पंजीकृत फुटबॉल क्लबों की सक्रियता इस बात का प्रमाण है कि यहां के लोगों की रग-रग में फुटबॉल बसा हुआ है। ‘खेलों का बेताज बादशाह’ माने जाने वाले फुटबॉल खेल के लिए एसईसीएल प्रबंधन द्वारा अकादमी की स्थापना से निश्चित ही उभरती प्रतिभाओं को नई पहचान मिलेगी, खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और आने वाले समय में चर्चा का नाम राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक रोशन होगा बैकुंठपुर क्षेत्र अंतर्गत चरचा कालरी का विशाल महाजन स्टेडियम फुटबॉल अकादमी के लिए सर्वाधिक उपयुक्त स्थल है जहां सुरम्य वातावरण के साथ सभी सुविधाएं उपलब्ध है।
मुख्य महाप्रबंधक बी.एन. झा स्वयं भी फुटबॉल के प्रति गहरा लगाव रखते हैं। जब भी अवसर मिलता है, वे मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते नजर आते हैं। कोरोना काल के दौरान बंद पड़ी इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता को पुनः प्रारंभ कराने का श्रेय भी उन्हीं को जाता है। महज 21 दिनों की अवधि में प्रतियोगिता का पुनरारंभ कर उन्होंने अपनी खेल भावना और कुशल प्रशासनिक क्षमता का परिचय दिया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि,आज हम सेशन स्मृति गोल्ड कप फुटबॉल प्रतियोगिता का स्वर्ण जयंती वर्ष मना रहे हैं। मेरी कामना है कि आने वाले समय में हम इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता का शताब्दी वर्ष भी पूरे उत्साह और गौरव के साथ मनाएंगे
फुटबॉल अकादमी की घोषणा से पूरे क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है। स्थानीय खिलाड़ियों और नागरिकों ने इस दूरदर्शी पहल के लिए मुख्य महाप्रबंधक बी.एन. झा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे चरचा कॉलरी के खेल इतिहास की एक बड़ी उपलब्धि बताया है।


0 टिप्पणियाँ