नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट
चरचा कॉलरी.......चर्चा कॉलरी क्षेत्र, जो पूरे देश में अपने विशिष्ट कोयला उत्पादन और प्रतिष्ठित अखिल भारतीय गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए जाना जाता है, अब फिल्म जगत में भी अपनी अलग पहचान बना रहा है। इसी कड़ी में चर्चा के वरिष्ठ कर्मचारी सपन कुमार लश्कर (फोरमैन इंचार्ज इलेक्ट्रिकल) की सुपुत्री सुपर्णा लश्कर ने अभिनय की दुनिया में कदम रखते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
सुपर्णा की पहली फिल्म *“डार्लिंग प्यार झुकता नहीं अगेन”* आज सत्ताईस जनवरी छत्तीसगढ़ के 50 सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज हो रही है। गोल्डन ड्रीम प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बनी इस फिल्म में सुपर्णा ने अपनी सशक्त अदाकारी से फिल्म की हीरोइन की भूमिका में दर्शकों का दिल जीतने का प्रयास किया है। फिल्म के गीत पहले ही काफी लोकप्रिय हो चुके हैं और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।
सुपर्णा ने कक्षा पहली से दसवीं तक की शिक्षा केंद्रीय विद्यालय बैकुंठपुर से प्राप्त की। इसके पश्चात उन्होंने राजकुमार कॉलेज रायपुर में अध्ययन किया। आगे चलकर उन्होंने रायपुर के ऑफ्ट कॉलेज से अभिनय का प्रशिक्षण लिया तथा नोएडा में सिनेमा एवं टेलीविजन कोर्स कर अपने हुनर को निखारा। उनका कैंपस सिलेक्शन भी हुआ, जिससे उनके अभिनय करियर को नई दिशा मिली।
फिल्म रिलीज होने की खबर से पूरे चर्चा कोलरी क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। स्थानीय नागरिकों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सुपर्णा को शुभकामनाएँ दी हैं और उनकी सफलता की कामना की है।
बैकुंठपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक बी.एन. झा ने कहा कि चर्चा क्षेत्र केवल कोयला उत्पादन में ही अग्रणी नहीं है, बल्कि यहाँ की प्रतिभाएँ हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं। सुपर्णा लश्कर की उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। हमें विश्वास है कि वह भविष्य में और भी बड़ी सफलताएँ अर्जित करेंगी।” पुलिस अधीक्षक कोरिया रवि कुमार कुर्रे ने कहा
“जब किसी क्षेत्र की बेटी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाती है, तो वह पूरे जिले के लिए प्रेरणा बन जाती है। सुपर्णा की सफलता युवाओं को यह संदेश देती है कि मेहनत और समर्पण से हर सपना साकार किया जा सकता है।”
चर्चा कोलरी के क्षेत्र प्रबंधक संजय कुमार सिंह ने कहा—कि
सपन कुमार लश्कर की पुत्री ने अभिनय के क्षेत्र में जो उपलब्धि हासिल की है, वह चर्चा कोलरी परिवार के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। हम सभी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं और आशा करते हैं कि वह फिल्म जगत में नई ऊँचाइयाँ छुएँगी।”
क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि सुपर्णा लश्कर की यह पहली फिल्म बड़ी सफलता हासिल करेगी और वह आने वाले समय में चर्चा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर और भी ऊँचा करेंगी।


0 टिप्पणियाँ