पालिका अध्यक्ष की पहल से प्रारंभ हुआ नया ऑटो स्टैंड, चालकों में खुशी की लहर..... अव्यवस्था से मिली राहत,,वर्षों पुरानी समस्या का हुआ समाधान...... ....... ऑटो स्टैंड के समीप 25 लाख की लागत से बनेगा सार्वजनिक शौचालय......



नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट 

चरचा कालरी .......शिवपुर-चर्चा नगर पालिका प्रशासन द्वारा मुख्य मार्ग में ऑटो स्टैंड हेतु आरक्षित स्थल पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाकर विधिवत ऑटो स्टैंड प्रारंभ किए जाने पर ऑटो वाहन चालक संघ के पदाधिकारियों एवं चालकों ने हर्ष व्यक्त किया। इस अवसर पर संघ के प्रतिनिधियों ने नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल एवं नगर पालिका प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया।

ज्ञात हो कि लंबे समय से यह स्थल अतिक्रमण की चपेट में था, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित होती थी। पालिका क्षेत्र में लगभग 200 से भी अधिक की संख्या में ऑटो वाहन है वहीं काफी संख्या में चार पहिया वाहन भी हैं जिनकी उपस्थिति टावर चौक के आसपास रहती थी ऑटो चालकों को मजबूरीवश श्रमवीर स्टेडियम के सामने टॉवर के नीचे वाहन खड़े करने पड़ते थे, जिससे मुख्य मार्ग पर जाम और अव्यवस्था की स्थिति निर्मित होती थी। श्रमवीर स्टेडियम में निरंतर आयोजन होते रहते हैं श्रमवीर स्टेडियम के मुख्य द्वार के ठीक सामने ही मुख्य मार्ग है  स्टेडियम से निकलने वाली भीड़ से कई बार अपनी स्थिति निर्मित हो चुकी है किंतु अब निर्धारित स्थान पर ऑटो स्टैंड प्रारंभ होने से आवागमन सुगम होगा और स्थानीय नागरिकों को भी राहत मिलेगी।

इस दौरान ऑटो संघ के पदाधिकारियों एवं ऑटो स्टैंड के पीछे संचालित मीट-मटन मार्केट के व्यापारियों ने क्षेत्र में एक सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग रखी। इस पर नगर पालिका प्रशासन द्वारा अवगत कराया गया कि लगभग 25 लाख रुपये की लागत से समीप ही उपयुक्त स्थान पर आधुनिक सार्वजनिक शौचालय का निर्माण आगामी समय में कराया जाएगा।

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल ने कहा, कि नगर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करना हमारी प्राथमिकता है। मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण हटाकर ऑटो स्टैंड प्रारंभ करना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे जहां ऑटो चालकों को स्थायी स्थान मिला है, वहीं आम नागरिकों को भी जाम और अव्यवस्था से राहत मिलेगी। मीट-मटन मार्केट क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय निर्माण हेतु लगभग 25 लाख रुपये की स्वीकृति की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। नगर हित में ऐसे विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।”

वही मुख्य नगर पालिका अधिकारी वशिष्ठ कुमार ओझा ने कहा, कि नगर पालिका द्वारा चिन्हित आरक्षित स्थल पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई कर स्थल को मुक्त कराया है। भविष्य में भी यदि सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर अवैध कब्जा किया जाता है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ऑटो स्टैंड को व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाए रखने की जिम्मेदारी ऑटो चालक संघ की भी होगी।”

नव प्रारंभ ऑटो स्टैंड से न केवल यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि क्षेत्र की समग्र व्यवस्था में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा। नगरवासियों ने इस पहल का स्वागत किया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ