नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट
कोरिया चरचा कालरी......नगर पालिका शिवपुर-चर्चा क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित सूर्य मंदिर का सपना अब साकार होने जा रहा है। वर्तमान भाजपा शासनकाल में निर्मित हो रहा यह मंदिर संभाग का एकमात्र भव्य सूर्य मंदिर होगा, जो स्थानीय छठ घाट में स्थापित किया जा रहा है। छठ घाट स्वयं एक पवित्र स्थल है, जहाँ वर्षभर अनेक धार्मिक संस्कार और पर्व-त्योहारों का आयोजन होता है। सूर्य मंदिर की स्थापना से यह स्थान और भी अधिक आस्था, अध्यात्म और धार्मिक गतिविधियों का केंद्र बन जाएगा।
आज मंदिर के शुभारंभ की प्रक्रिया के तहत चरचा कालरी स्थित श्री श्री हनुमान मंदिर प्रांगण से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। बैंड-बाजे की मधुर धुनों के बीच सूर्य भगवान की जय!, छठ मैया की जय!” के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा।कलश यात्रा सुभाष नगर कॉलोनी, नेपाल गेट होते हुए छठ घाट पहुँची, जहाँ विद्वान पंडितों द्वारा वेदमंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की गई। भक्तगणों ने मंदिर परिसर की पाँच बार परिक्रमा कर कलशों की स्थापना की।मुख्य यजमान के रूप में श्री प्रदीप तिवारी एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सीमा तिवारी* ने आस्था भाव से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरुण जायसवाल *उपाध्यक्ष श्री राजेश सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्रीमती दीपा विश्वकर्मा, श्रीमती सीमा सिंह,पार्षद श्रीमती रामकली पाल सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कल रविवार, 26 अक्टूबर को मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम संपन्न होगा, जिसमें क्षेत्रभर से श्रद्धालुओं के पहुँचने की संभावना है
सूर्य भगवान की महिमा.......सूर्य देव को वेदों में साक्षात जीवात्मा का साक्षी और समस्त ऊर्जा का स्रोत कहा गया है। उनकी उपासना से *स्वास्थ्य, समृद्धि, तेज, बल और आत्मबल की प्राप्ति होती है। ऐसा माना जाता है कि सूर्य भगवान के दर्शन और अर्घ्यदान से मनुष्य के जीवन में रोग, दुःख और अंधकार का नाश होता है, तथा सौभाग्य और सफलता की प्राप्ति होती है।
शिवपुर-चर्चा का यह नव-निर्मित सूर्य मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक धरोहर का केंद्र*भी सिद्ध होगा।




0 टिप्पणियाँ