छठ महापर्व का प्रथम दिन नहाय-खाय के साथ सम्पन्न, घाटों पर दिखी भव्य तैयारियां, खरना आज


कोरिया बैकुंठपुर । आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ का शुभारंभ नहाय-खाय के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। छठ व्रतियों ने प्रातःकाल पवित्र नदी व तालाबों आदि में स्नान कर सूर्य देव को जल अर्पित किया। इसके बाद व्रती महिलाएँ शुद्धता और पवित्रता से बने चने की दाल, अरवा चावल और लौकी की सब्जी का प्रसाद ग्रहण कर निर्हार व्रत की शुरुआत की।

जिले भर में छठ पूजा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जिले के चरचा, बैकुंठपुर, गढ़ेल पारा छठ घाट को विशेष आकर्षक ढंग से सजाया गया है। घाट पर लाल और पीले रंगों का खूबसूरत मेल दिखाई दे रहा है, साथ ही सजावटी टेंट और केले के पेड़ों से बने स्वागत द्वार भक्तों का मन मोह रहे हैं। जलाशय किनारे बने रंगीन घाटों पर सुरक्षा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया है।

पानी के फुहारों और दोनों तरफ लगाए गए केले के पौधे इस घाट की खूबसूरती को और भी बढ़ा रहे हैं। प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ की जा रही हैं। अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने बताया कि घाट की सजावट और सभी इंतज़ाम आज शाम तक पूरे कर लिए जाएंगे। साथ ही व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए चाय- कॉफी की विशेष व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि किसी को किसी प्रकार की असुविधा न हो। 

स्थानीय प्रशासन और सामाजिक संगठनों द्वारा सुरक्षा और सफाई पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है। छठ घाटों पर रोशनी, बैरिकेडिंग और आवश्यक साधनों की व्यवस्था की जा रही है। जैसे-जैसे महापर्व नजदीक आ रहा है,भक्तों में उत्साह और आस्था का वातावरण और भी प्रगाढ़ होता जा रहा है। छठ पूजा की तैयारियों को देखने के लिए भी स्थानीय लोगों की भीड़ घाटों की ओर उमड़ रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ