कोरिया बैकुंठपुर। जेल मुख्यालय, नवा रायपुर के निश्चय कार्यक्रम एवं सेवा संकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत आज जिला जेल बैकुंठपुर में मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। जिला चिकित्सालय बैकुंठपुर के सहयोग से आयोजित इस शिविर में जेल में निरुद्ध बंदियों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।
मेगा हेल्थ कैंप में अस्थि रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं मेडिकल ऑफिसर ने अपनी सेवाएं दीं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बंदियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कर आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। शिविर के दौरान फार्मासिस्ट द्वारा चिकित्सकों के परामर्श के अनुसार आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया गया।
इस पहल का उद्देश्य जेल में निरुद्ध बंदियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर उचित उपचार सुनिश्चित करना है। निश्चय एवं सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर बंदियों के स्वास्थ्य संरक्षण और मानवीय दृष्टिकोण से चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य है।

0 टिप्पणियाँ