कोरिया -पूर्व विधायक भरतपुर-सोनहत गुलाब कमरो ने स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव को पत्र लिखकर नियम विरुद्ध संलग्नीकरण को तत्काल निरस्त करने की मांग की है। मामला व्याख्याता हजारी लाल चक्रधारी के मूल पदस्थापन स्थल से संलग्नीकरण से जुड़ा है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि संयुक्त संचालक, सरगुजा संभाग के आदेश के तहत व्याख्याता हजारी लाल चक्रधारी को उनके मूल पदस्थापन स्थल से संलग्न करते हुए प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सोनहत, जिला कोरिया के पद का प्रभार सौंपा गया है। पूर्व विधायक ने अपने पत्र में शासन की समीक्षा बैठक 23 जून 2026 तथा लोक शिक्षण संचालनालय के पत्र का हवाला देते हुए कहा है कि शिक्षकों, सहायक शिक्षकों एवं व्याख्याताओं को उनके मूल शैक्षणिक दायित्व से हटाकर गैर-शिक्षकीय कार्यों में संलग्न नहीं किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि व्याख्याता को अध्यापन कार्य से हटाकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी के कार्यालयीन एवं प्रशासनिक कार्यों का प्रभार सौंपे जाने से शासन के निर्देश प्रभावित होते हैं। साथ ही संबंधित विद्यालय में अध्यापन कार्य भी प्रभावित होने की संभावना है। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने मांग की है कि व्याख्याता हजारी लाल चक्रधारी का नियम विरुद्ध संलग्नीकरण तत्काल निरस्त कर उन्हें उनके मूल पदस्थापन स्थल पर कार्य करने के लिए आदेशित किया जाए। पत्र की प्रतिलिपि लोक शिक्षण संचालनालय, नया रायपुर एवं संयुक्त संचालक शिक्षा, सरगुजा संभाग को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है।

0 टिप्पणियाँ