सेवा संकल्प अभियान के तहत 24 सितंबर को रक्तदान शिविर, कलेक्टर ने जिलेवासियों से की रक्तदान की अपील


कोरिया बैकुंठपुर।  कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिलेवासियों से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 24 सितंबर 2026 को एसईसीएल क्लब, गौतम सदन में जिला प्रशासन के सहयोग से स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने की अपील की है।

कलेक्टर श्रीमती यादव ने कहा कि रक्तदान महादान है। आपके द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है और उसके परिवार के जीवन में उम्मीद एवं मुस्कान ला सकता है। उन्होंने स्वस्थ नागरिकों से स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आने का आग्रह करते हुए कहा कि समाज के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भावना के साथ किया गया रक्तदान मानवता की सच्ची सेवा है।

01 अक्टूबर को दान कार्यक्रम में सहभागिता का आह्वान,

कलेक्टर ने जिलेवासियों से 1 अक्टूबर ‘अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस’ के अवसर पर रामानुज स्कूल के मिनी स्टेडियम में आयोजित दान कार्यक्रम में भी सहभागी बनने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि नागरिक अपनी सामर्थ्य के अनुसार अन्न, पुस्तक, कॉपी-पेन, कपड़े, खिलौने सहित उपयोगी सामग्री का दान कर जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां ला सकते हैं। 

ऐसे छोटे-छोटे प्रयास समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।

कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जनभागीदारी का अभियान बनाते हुए रक्तदान एवं दान कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करें और समाज के जरूरतमंद लोगों के जीवन में खुशियां बिखेरने का संकल्प लें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ