नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट
कोरिया चरचा कालरी....... पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर नगर पालिका शिवपुर-चरचा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार उत्सव मनाया गया। स्थानीय राजीव गांधी चौक में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर मिठाइयाँ बांटी और ताशा-बाजे की धुन पर नाचते हुए अपनी खुशी का इजहार किया। पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।इस अवसर पर नगर पालिका शिवपुर-चरचा के अध्यक्ष अरुण जायसवाल, उपाध्यक्ष राजेश सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपा विश्वकर्मा सहित मंडल के पार्षद एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से पार्षद श्रीमती रामकली पाल, साक्षी सिंह, कुंती चक्रधारी, वरिष्ठ पार्षद प्रदीप तिवारी, कुंडल साय, मनीष गुप्ता, इंदिरा परमार, राजेंद्र पाल, आदित्य जायसवाल, राजेंद्र चक्रधारी सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल ने कहा कि यह जीत पार्टी नेतृत्व के अथक परिश्रम, कार्यकर्ताओं की निष्ठा और जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने अपने वक्तव्य में आगे कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सरकार द्वारा किए जा रहे अत्याचार, मनमानी और तानाशाही के विरुद्ध वहां की जनता ने यह जनादेश दिया है।
इस जनादेश ने स्पष्ट कर दिया है कि राज्य की जनता काफी परेशान थी और उन्हें अपेक्षित विकास नहीं मिल पा रहा था। यही कारण है कि जनता ने मतदान के माध्यम से अपना आक्रोश प्रकट किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में हुई जबरदस्त बंपर वोटिंग ने भी यह साबित कर दिया कि वहां की जनता बदलाव चाहती थी, और इसी जनसमर्थन ने भाजपा को मजबूती प्रदान की है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल का अपेक्षित विकास होगा और आने वाले समय में वह देश के विकसित राज्यों में शामिल होगा।
वहीं उपाध्यक्ष राजेश सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल जैसे राज्य में यह जीत भाजपा के बढ़ते जनाधार का प्रमाण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता भविष्य में और अधिक जनसेवा के लिए प्रेरित करेगी।
मंडल अध्यक्ष दीपा विश्वकर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं की मेहनत ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि दिलाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्यों के बेहतर तालमेल से देश के विकास को और गति मिलेगी।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव देश के सबसे चर्चित चुनावों में से एक रहा, जिस पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई थीं। विभिन्न दावों और कयासों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रदर्शन से सभी को चौंकाते हुए महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। इस वर्ष नगर पालिका शिवपुर चर्चा में नगरीय निकाय का चुनाव भी होना है भारतीय जनता पार्टी को लगातार मिल रही जीत से स्थानीय कार्यकर्ता बेहद उत्साहित व ऊर्जावान है जिसका लाभ भारतीय जनता पार्टी को निकाय चुनाव में अवश्य मिलेगा।




0 टिप्पणियाँ