सुशासन तिहार के जन समस्या निवारण शिविर में गूंजा जनता का विश्वास, गीता राजवाड़े ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं


कोरिया बैकुंठपुर । छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना ‘सुशासन तिहार’ के अंतर्गत करहिया खंड में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में क्षेत्रवासियों की समस्याओं के समाधान हेतु व्यापक स्तर पर पहल की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य गीता राजवाड़े विशेष रूप से उपस्थित रहीं और उन्होंने आमजन से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं, मांगों एवं सुझावों को गंभीरता से सुना।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर पेयजल, सड़क, बिजली, राशन, आवास, पेंशन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। इस दौरान गीता राजवाड़े ने कहा कि शासन की मंशा है कि आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंचकर समस्याओं का निराकरण करे। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा करते हुए उन्होंने विभिन्न मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए, ताकि लोगों का शासन-प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की गति तेज करने के लिए जनप्रतिनिधि और प्रशासन को समन्वय बनाकर कार्य करना होगा।

गीता राजवाड़े ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी और पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान, मजदूर और जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा सुशासन तिहार जैसे आयोजन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हैं।

जन समस्या निवारण शिविर के आयोजन से ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। लोगों ने अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद जताते हुए शासन की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ