जन सेवा और माँ का धर्म एक साथ विधायक रेणुका सिंह के समर्थन में सामने आए भाजपा नेता - संदीप साहू


कोरिया बैकुंठपुर। भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक रेणुका सिंह को लेकर इन दिनों राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। हालांकि इस पूरे मामले में भाजपा नेता संदीप साहू द्वारा साझा की गई तस्वीर और बयान ने राजनीति से इतर एक मानवीय पक्ष को सामने रखा है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन किसी व्यक्ति की भावनाओं और पारिवारिक परिस्थितियों को राजनीतिक दृष्टि से देखना उचित नहीं है।

संदीप साहू ने कहा कि हर जनप्रतिनिधि का अपना निजी जीवन और परिवार होता है। जनता की सेवा में निरंतर व्यस्त रहने वाले नेता भी एक पुत्र, माता-पिता और परिवार के सदस्य के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। उन्होंने कहा की किसी भी व्यक्ति के स्वास्थ्य तथा पारिवारिक परिस्थितियों का सम्मान किया जाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले विधायक रेणुका सिंह से चर्चा के दौरान उन्होंने स्वयं बताया था कि उनके पुत्र का स्वास्थ्य ठीक नहीं है और इलाज के लिए उन्हें मुंबई जाना आवश्यक है। लेकिन लगातार जनसेवा और क्षेत्रीय कार्यक्रमों में व्यस्त रहने के कारण उन्हें समय नहीं मिल पा रहा था। बावजूद इसके, जनता के कार्यों को प्राथमिकता देने के साथ उन्होंने अपने पुत्र के इलाज के लिए समय निकाला और मुंबई रवाना हुईं।

इसी कारण वे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सभा में शामिल नहीं हो सकीं। सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं मंच से यह जानकारी दी कि विधायक रेणुका सिंह ने फोन पर उन्हें बताया है कि वे अपने पुत्र के इलाज के सिलसिले में मुंबई गई हैं। इसके बाद भी कुछ लोगों द्वारा राजनीतिक टिप्पणियां किए जाने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में नाराजगी देखने को मिली।

संदीप साहू ने कहा कि एक सच्चे जनप्रतिनिधि की पहचान यही होती है कि वह जनसेवा और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाए रखे। विधायक रेणुका सिंह लगातार क्षेत्र की जनता के बीच सक्रिय रही हैं और कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करती रही हैं। उन्होंने अपील की कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन किसी के पारिवारिक और भावनात्मक विषयों को राजनीति का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ