नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट
कोरिया चरचा कॉलरी.....चरचा थाना प्रभारी आनंद सोनी द्वारा क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है, जिससे कोयला माफियाओं में भारी हड़कंप मचा हुआ है। इसी क्रम में गश्त के दौरान दो अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हजारों रुपये मूल्य का लगभग 40 बोरी अवैध कोयला जप्त करने में सफलता प्राप्त की है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कोयला परिवहन में प्रयुक्त एक आल्टो कार क्रमांक CG 16 B 0252 को भी जप्त किया, जिसके मालिक का नाम रामाकांत निवासी एसईसीएल बैकुंठपुर बताया जा रहा है। वहीं दूसरी कार्रवाई में टाटा पिकअप वाहन क्रमांक CG 16 CS 3021 जिसकी मालिक श्यामा बाई निवासी नगर बताई जा रही हैं, को भी पुलिस ने जप्त किया है टाटा पिकअप वाहन से अवैध कोयला परिवहन के मामले में प्रार्थी शिव सिंह पिता कुंदन सिंह निवासी सुभाष नगर चरचा की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी सूरज कुमार राजवाड़े निवासी विशनपुर, राम बृछ निवासी विशनपुर तथा सूरज निवासी पटना एवं अनिल पासवान निवासी शिवपुर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 84/26 धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।
वहीं आल्टो कार से अवैध कोयला परिवहन के मामले में प्रार्थी विशाल कुमार पिता हरिश्चंद्र निवासी रामपुर कॉलोनी बैकुंठपुर की रिपोर्ट पर धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
गौरतलब है कि जप्त किया गया टाटा पिकअप वाहन तीसरी बार चोरी के कोयले के परिवहन में पकड़ा गया है। इससे पहले भी उक्त वाहन के विरुद्ध चरचा थाना में कार्रवाई हो चुकी है, जबकि सोनहत थाना क्षेत्र में भी इस वाहन पर अवैध कोयला परिवहन को लेकर कार्यवाही की जा चुकी है। इसके बावजूद पुनः उसी वाहन का अवैध कारोबार में उपयोग होना यह स्पष्ट संकेत देता है कि वाहन का लगातार कोयला माफियाओं द्वारा अवैध परिवहन में इस्तेमाल किया जा रहा है।लगातार एक ही वाहन के माध्यम से अवैध कोयला परिवहन की घटनाएं सामने आने के बाद अब क्षेत्र में यह मांग उठने लगी है कि ऐसे वाहनों को केवल जप्त कर छोड़ देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि इनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करते हुए राजसात की प्रक्रिया प्रारंभ की जानी चाहिए, ताकि कोयला माफियाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
चरचा थाना प्रभारी आनंद सोनी की लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कारोबार करने वालों में भय का माहौल है। आम नागरिकों द्वारा पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है तथा उम्मीद जताई जा रही है कि आगे भी इसी तरह अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
*



0 टिप्पणियाँ