क्या मुख्यमंत्री नए संभाग की करेंगे घोषणा? — पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने उठाई मांग


कोरिया एमसीबी (मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) जिले के चिरमिरी प्रवास पर पहुंचे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से क्षेत्रवासियों को बड़ी उम्मीदें हैं। मुख्यमंत्री यहां एमसीबी जिले में तीन जिलों की संयुक्त बैठक लेने पहुंचे हैं। इसी बीच पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने प्रदेश सरकार से एक महत्वपूर्ण मांग उठाते हुए नए संभाग की घोषणा करने की अपील की है।

पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि मुख्यमंत्री इससे पहले भी जिले के दौरे पर आए थे, लेकिन क्षेत्र के विकास को लेकर कोई बड़ी घोषणा नहीं की गई थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार मुख्यमंत्री एमसीबी सहित आसपास के जिलों के हित में कोई बड़ा निर्णय ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से प्रशासनिक सुविधाओं और विकास कार्यों के बेहतर संचालन के लिए नए संभाग की मांग कर रही है।

गुलाब कमरो ने कहा कि जब प्रदेश में कांग्रेस सरकार थी, तब मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कई बड़ी घोषणाएं हुई थीं और उन पर कार्य भी प्रारंभ हुआ था। उन्होंने वर्तमान सरकार से भी अपेक्षा जताई कि जनता की भावनाओं और क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नए संभाग के गठन पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए।

उन्होंने कहा कि एमसीबी, कोरिया और आसपास के जिलों की भौगोलिक स्थिति तथा प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए नया संभाग बनाया जाना अत्यंत आवश्यक है। इससे आम जनता को प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर-दराज के संभागीय मुख्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा और सरकारी योजनाओं का लाभ भी तेजी से लोगों तक पहुंचेगा।

पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि नया संभाग बनने से क्षेत्र में विकास की गति तेज होगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा बुनियादी सुविधाओं में भी सुधार आएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि तीनों जिलों के विकास और जनता की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए नए संभाग की घोषणा की जाए।

राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी इस मांग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सभी की नजर मुख्यमंत्री की बैठक और संभावित घोषणाओं पर टिकी हुई है। क्षेत्र की जनता को उम्मीद है कि सरकार इस मांग पर गंभीरता से विचार करेगी और आने वाले समय में एमसीबी सहित आसपास के जिलों को नई प्रशासनिक पहचान मिल सकती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ