कोरिया बैकुंठपुर। कोरिया जिले के जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के समीप स्थित ग्राम पंचायत सलका के बांय डांड मोहल्ला में नवीन आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर ग्राम पंचायत की सरपंच दुर्गा सिंह एवं उप सरपंच बंसधारी सिंह ने विधिवत फीता काटकर भवन का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान सरपंच दुर्गा सिंह ने कहा कि इस नए आंगनबाड़ी भवन के निर्माण से क्षेत्र के बच्चों और गर्भवती महिलाओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नए भवन से बच्चों के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण सुनिश्चित होगा।
उप सरपंच ने भी अपने संबोधन में कहा कि यह भवन ग्राम के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं से आग्रह किया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने भी अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि नए भवन में कार्य करना पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक होगा, जिससे बच्चों के पोषण एवं शिक्षा पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सहयोग करने का संकल्प लिया।

0 टिप्पणियाँ