हनुमान जन्मोत्सव पर ग्राम सलगवा कला में प्राण प्रतिष्ठा संपन्न, राज्य स्तरीय मानस प्रतियोगिता का भी आयोजन


कोरिया (छत्तीसगढ़)। चैत्र पूर्णिमा के पावन अवसर 2 अप्रैल 2026 को हनुमान जन्मोत्सव के शुभ दिन ग्राम सलगवा कला, विकासखंड सोनहत में जन सहयोग से पवन पुत्र हनुमान जी की भव्य प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। पूरे ग्राम में भक्तिमय माहौल रहा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस मंदिर निर्माण की विशेष बात यह रही कि 25 जनवरी 2026 को ग्राम के ही एक युवक ने मंदिर निर्माण के लिए 2 डिसमिल भूमि दान में दी थी। इसके बाद ग्रामवासियों ने एकजुट होकर बहुत ही कम समय में मंदिर का निर्माण कार्य पूर्ण किया। ग्रामीणों के सहयोग, समर्पण और आस्था का यह अद्भुत उदाहरण बनकर सामने आया है।

प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान पूजा-अर्चना, हवन और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालु शामिल हुए। पूरा वातावरण “जय श्री राम” और “जय हनुमान” के जयकारों से गूंज उठा।

इस अवसर पर ग्रामवासियों ने प्रार्थना की कि पवन पुत्र हनुमान जी की कृपा पूरे गांव, क्षेत्र, प्रदेश और देश सहित समस्त विश्व पर बनी रहे। साथ ही “जय गौ माता” और “जय भारत माता” के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इसी के साथ ग्राम सलगवा कला में राज्य स्तरीय मानस प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से ग्राम का माहौल पूर्णतः भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ