तीन दिवसीय कोरिया महोत्सव का रंगारंग समापन, लोक एवं शास्त्रीय प्रस्तुतियों से गूंजा मिनी स्टेडियम


कोरिया बैकुंठपुर। बैकुंठपुर के मिनी स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय कोरिया महोत्सव का समापन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। समापन दिवस पर लोक नृत्य, शास्त्रीय संगीत और पंडवानी की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे आयोजन के दौरान जिले की समृद्ध लोक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक देखने को मिली।

समापन अवसर पर रायपुर से पहुंचीं सुप्रसिद्ध कलाकार सुश्री ईशिका गिरी ने शास्त्रीय गायन एवं कथक नृत्य की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उनके मधुर स्वर और भावपूर्ण अभिव्यक्ति ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। वहीं स्थानीय कलाकारों ने भी लोक नृत्य और पंडवानी के माध्यम से छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला-संस्कृति को मंच पर जीवंत किया। कार्यक्रम के दौरान दर्शकों की भारी उपस्थिति ने आयोजन की सफलता को और भी गौरवपूर्ण बना दिया।

प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े, कलेक्टर चंदन त्रिपाठी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कलाकारों के उत्साहवर्धन के साथ उनके प्रयासों की सराहना की।

कोरिया कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि महोत्सव का उद्देश्य केवल लोक कला और संस्कृति को मंच देना नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करते हैं।

तीन दिनों तक चले इस महोत्सव ने जिलेवासियों को सांस्कृतिक आनंद के साथ अपनी विरासत पर गर्व करने का अवसर प्रदान किया। समापन समारोह ने कोरिया की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा दी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ