कोरिया बैकुंठपुर। कोरिया प्रवास के दौरान आज पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बैकुंठपुर स्थित झुमका पर्यटन स्थल में नवनिर्मित ओपन थिएटर का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में झुमका जलाशय क्षेत्र में विकसित विभिन्न पर्यटन सुविधाओं का अवलोकन भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान झुमका जलाशय में संचालित बोटिंग और वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का निरीक्षण किया गया। प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण यह स्थल चारों ओर हरियाली और खिले कमल के फूलों से सुसज्जित है, जो पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है। शांत वातावरण और स्वच्छ जलाशय के कारण यह स्थान तेजी से एक मनभावन पिकनिक स्पॉट के रूप में पहचान बना रहा है।
नवनिर्मित ओपन थिएटर से क्षेत्र में सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को नया मंच मिलेगा। स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा, वहीं पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस विकास कार्य से स्थानीय रोजगार के अवसरों में वृद्धि होने की उम्मीद है।
इस दौरान यह कहा गया कि पर्यटन की अपार संभावनाओं से समृद्ध छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार लगातार आधुनिक सुविधाओं का विस्तार कर रही है। उद्देश्य यह है कि प्राकृतिक स्थलों का संरक्षण करते हुए उन्हें बेहतर आधारभूत संरचना से जोड़ा जाए, ताकि प्रदेश को एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सके।
झुमका पर्यटन स्थल में किए गए नवीन विकास कार्य निश्चित रूप से कोरिया जिले को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर बैकुंठपुर विधायक भैया लाल राजवाड़े, संभाग आयुक्त नरेंद्र दुगा,भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी, कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी,पुलिस अधीक्षक कोरिया रवि कुमार कुर्रे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आशुतोष चतुर्वेदी, सहित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ