नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट
कोरिया चरचा कालरी.....छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में भव्य रजत महोत्सव समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बाहर से आए हुए कलाकारों और जिलेभर के विद्यालयों द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें पी.एम. श्री स्कूल, चरचा कॉलरी के छात्र-छात्राओं की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।
विद्यालय के बच्चों ने राज्य की संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली यात्रा को नृत्य, गीत और नाट्य रूपांतरण के माध्यम से बड़ी सुंदरता से प्रस्तुत किया। उनकी इस प्रस्तुति को दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ भरपूर सराहना की।कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि एवं अभिभावक वर्ग ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशासन की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार के लिए यह गौरव का क्षण रहा।इस उपलब्धि के प्रति विद्यालय के प्राचार्य एवं गुरुजनों का भी विशेष योगदान रहा, जिनके सतत मार्गदर्शन में विद्यालय निरंतर उत्कृष्ट उपलब्धियाँ प्राप्त कर रहा है। शिक्षकों के समर्पण और विद्यार्थियों की प्रतिभा ने मिलकर विद्यालय को क्षेत्र का एक आदर्श संस्थान बना दिया है।पी.एम. श्री स्कूल, चरचा के इन होनहार बच्चों ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया, बल्कि समूचे पालिका क्षेत्र का मान बढ़ाया।

0 टिप्पणियाँ