कोरिया चरचा कालरी ..... कॉलरी क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच मंगलवार को सर्राफा व्यवसाय से जुड़े जोया ज्वेलर्स के संचालक जैनुद्दीन मडल पर हुए हमले और लूट के प्रयास की घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। घटना की जानकारी मिलते ही कोरिया जिले के पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुर्रे स्वयं चरचा पहुँच गए। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित व्यापारी जैनुद्दीन मडल से मुलाकात कर विस्तृत जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक कोरिया ने थाना प्रभारी चर्चा को घटना से जुड़े हर पहलू पर तत्परता से जांच करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जांच टीम को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, संदिग्ध गतिविधियों और संभावित रूट की बारीकी से पड़ताल करने के आदेश दिए।
इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे, जिन्होंने पुलिस अधीक्षक से क्षेत्र में बढ़ती चोरी, लूट और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं। नागरिकों ने कहा कि चर्चा कॉलरी क्षेत्र में आए दिन आपराधिक घटनाएं घट रही हैं, जिससे आमजन में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।जिस पर पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और चर्चा क्षेत्र में शांति व सुरक्षा की पुनर्स्थापना प्राथमिकता होगी।
स्थानीय लोगों को अब उम्मीद है कि पुलिस अधीक्षक की इस सक्रियता से क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगेगा और आमजन को फिर से सुरक्षा का भरोसा मिलेगा।


0 टिप्पणियाँ