बैकुंठपुर। पत्रकारिता जगत के लिए गर्व का विषय है कि कोरिया जिले के वरिष्ठ पत्रकारों को जनसंपर्क विभाग की संभागीय अधिमान्यता समिति सरगुजा में शामिल किया गया है। जिला जर्नलिस्ट प्रेस क्लब कोरिया के अध्यक्ष प्रवीन्द्र सिंह एवं महासचिव योगेश चंद्रा को समिति में स्थान मिलने पर जिले के पत्रकारों व शुभचिंतकों में हर्ष की लहर है।
पत्रकारिता के क्षेत्र में अधिमान्यता समिति एक महत्वपूर्ण संस्था मानी जाती है, जो पत्रकारों के हितों की रक्षा एवं उनके मान-सम्मान से जुड़ी होती है। किसी पत्रकार को अधिमान्यता प्राप्त होना उसके कार्य और निष्ठा की आधिकारिक स्वीकृति के समान है। हाल ही में छत्तीसगढ़ शासन ने जनसंपर्क विभाग की संभागीय अधिमान्यता समितियों का पुनर्गठन कर नए सदस्यों को शामिल किया है। इसी क्रम में सरगुजा संभाग के अंतर्गत आने वाले कोरिया जिले से दो प्रतिनिधियों को स्थान मिला है, जिससे जिले की पत्रकारिता को नई पहचान मिली है।
पत्रकार प्रवीन्द्र सिंह और योगेश चंद्रा लंबे समय से पत्रकारिता क्षेत्र में सक्रिय हैं और निष्पक्ष व जनहितकारी समाचार प्रस्तुत करने के लिए पहचाने जाते हैं। दोनों के चयन से स्थानीय पत्रकारों में उत्साह का माहौल है। जिले के वरिष्ठ पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें इस नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई दी है और आशा व्यक्त की है कि वे पत्रकारों की समस्याओं के निराकरण एवं पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

0 टिप्पणियाँ