जिला जर्नलिस्ट प्रेस क्लब कोरिया का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न पदाधिकारी बोले- पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान के लिए क्लब रहेगा समर्पित


कोरिया बैकुंठपुर । जिला जर्नलिस्ट प्रेस क्लब कोरिया के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को पत्रकार भवन प्रेमाबाग बैकुंठपुर में हुआ। 

मुख्य अतिथि जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष वासुदेव मोहंती ने अध्यक्ष प्रवीन्द सिंह, उपाध्यक्ष राजेश राज गुप्ता एवं शराफत अली, सचिव योगेश चंद्रा, कोषाध्यक्ष कृष्ण विभूति तिवारी, संयुक्त सचिव जुही खातून तथा कार्यकारिणी सदस्य अनवर आलम, सरवर अली और धर्मेंद्र सिंह को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रवीन्द सिंह ने कहा कि जिला जर्नलिस्ट प्रेस क्लब कोरिया पत्रकारों के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेगा। क्लब की प्राथमिकता निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता को प्रोत्साहित करना है। पत्रकार समाज की आवाज होते हैं, इसलिए उनकी एकजुटता और सशक्तिकरण अत्यंत आवश्यक है। क्लब जिले के पत्रकारों को एक मंच पर लाकर एकता की भावना को मजबूत करेगा और प्रशिक्षण, सुरक्षा बीमा तथा सामाजिक सहयोग जैसे ठोस कदम उठाएगा।

उन्होंने कहा कि पत्रकार प्रशासन और समाज के बीच एक सेतु का कार्य करते हैं। प्रेस क्लब इस भूमिका को और सशक्त बनाते के लिए पत्रकारिता की गरिमा और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए कार्य करेगा।

वरिष्ठ पत्रकार सतीश गुप्ता ने कहा कि प्रेस क्लब का गठन पत्रकारों की सामूहिक शक्ति को संगठित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। संगठन को नीतिगत, पेशेवर और सामाजिक रूप से मजबूत बनाना सभी की जिम्मेदारी है। उपाध्यक्ष राजेश राज गुप्ता ने कहा कि क्लब पत्रकारों के हर सुख-दुख में साथ रहेगा। कोषाध्यक्ष कृष्ण विभूति तिवारी ने कहा कि संगठन पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए ठोस योजनाओं पर काम करेगा। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार नीरज गुप्ता, अशोक सिंह, अमित सोनी, अंकित अग्रवाल, प्रभात दास, कमरुनिसा, अजय ठाकुर, महेश साहू सहित अन्य पत्रकार उपस्थित थे।

पत्रकारिता की मानक और नैतिक जिम्मेदारी पर बल दिया

 वरिष्ठ पत्रकार सतीश गुप्ता ने संगठनात्मक एकता, पत्रकारिता के मानक और नैतिक जिम्मेदारी पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं वरिष्ठ पत्रकारों ने संगठन को और मजबूत बनाने, पत्रकारों के प्रशिक्षण शिविर, संवाद कार्यशालाएं तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम करने पर बल दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ