कोरिया बैकुंठपुर । समाज सेवा और रचनात्मक कार्यों में सदैव अग्रणी रहने वाली संस्था we क्लब उड़ान इकाई बैकुंठपुर द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रेरणा से एक वृहद स्वच्छता एवं मरीज सेवा अभियान चलाया गया। संस्था के सदस्यों ने न केवल श्रमदान कर परिसर को चमकाया, बल्कि अस्पताल में भर्ती मरीजों का दुख-दर्द बांटकर सेवा का एक अनूठा उदाहरण पेश किया।
अभियान की शुरुआत जिला अस्पताल बैकुंठपुर के कैंपस से हुई। We क्लब की बहनों ने हाथों में झाड़ू थामकर अस्पताल परिसर की गहन साफ-सफाई की। इसके पश्चात, सेवा भाव को आगे बढ़ाते हुए अस्पताल के सभी वार्डों में जाकर भर्ती मरीजों से मुलाकात की, उनका हाल-चाल जाना और सभी मरीजों को ताजे फलों का वितरण किया। बीमारी के बिस्तर पर लेटे मरीजों के चेहरों पर फल और अपनापन पाकर आई मुस्कान ने सेवा के इस प्रयास को और भी भावुक और सार्थक बना दिया।
अस्पताल में सेवा कार्य के बाद संस्था के सदस्य पोस्ट ऑफिस के सामने स्थित गांधी वाटिका पहुंचे। वहां भी पूरी वाटिका की साफ-सफाई कर कचरे का निपटारा किया गया। इसके बाद, बापू के आदर्शों को याद करते हुए महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।
यह पूरा गरिमामयी और संवेदनशील कार्य we क्लब उड़ान इकाई की अध्यक्ष श्रीमती बलजीत कौर की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का काम नहीं, बल्कि हमारे जीवन का हिस्सा होना चाहिए और मरीजों की सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है।
इस पुनीत कार्य में संस्था की सचिव मधु गुप्ता, कोषाध्यक्ष क्षमा बरेड़िया ने सक्रिय भूमिका निभाई। साथ ही संरक्षक मंजू जीवानी के मार्गदर्शन में सदस्य सुमित्रा गुप्ता, सीमा पांडे, स्नेहलता सेठ, रानी बरेड़िया और कुलदीप कौर सहित अन्य सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई और श्रमदान किया।


0 टिप्पणियाँ