करजी के पास भीषण सड़क हादसा: चार महिलाओं की मौत से क्षेत्र में शोक, विधायक भैयालाल राजवाड़े ने परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस


कोरिया बैकुंठपुर । ग्राम करजी के पास ऑटो और पिकअप वाहन के बीच हुई भीषण सड़क दुर्घटना में छिंदिया (करही पारा) की चार महिलाओं के असमय निधन की दुखद खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। हादसे में चार परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया, जिससे परिजनों और ग्रामीणों में गहरा दुख व्याप्त है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक भैयालाल राजवाड़े पीड़ित परिवारों के गृहग्राम पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस कठिन एवं दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। विधायक ने दिवंगत महिलाओं के परिजनों के प्रति अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार स्वयं को अकेला न समझें।

विधायक ने कहा—सरकार पीड़ित परिवारों के साथ

विधायक भैयालाल राजवाड़े ने कहा कि दुर्घटना अत्यंत हृदयविदारक है। चार महिलाओं का असमय निधन पूरे क्षेत्र के लिए बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं तथा उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने संबंधित परिवारों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

परिजनों को ढांढस बंधाया

पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान विधायक ने मृतक महिलाओं के परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली और उनके दुख में सहभागी बने। इस दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा। परिजनों की पीड़ा और आंसुओं को देखकर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। विधायक ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस कठिन समय में वे हरसंभव सहयोग के लिए उनके साथ खड़े रहेंगे।

क्षेत्रवासियों ने जताया गहरा दुख

भीषण दुर्घटना में चार महिलाओं की मौत की खबर से आसपास के गांवों में भी शोक का माहौल है। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत महिलाओं के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। लोगों ने ईश्वर से शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

 विधायक भैयालाल राजवाड़े सहित क्षेत्रवासियों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ