कोरिया बैकुंठपुर । जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के सागरपुर स्थित विसर्जन स्थल की बदहाल व्यवस्था को लेकर गौ रक्षक अनुराग दुबे ने सवाल उठाते हुए प्रशासन से समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करने की मांग की है। श्री दुबे ने कहा कि हर वर्ष त्योहारों से पहले आयोजित शांति समिति की बैठकों में प्रतिमा विसर्जन को लेकर बेहतर व्यवस्था किए जाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति अलग नजर आती है।
अनुराग दुबे के अनुसार, गणपति विसर्जन के दौरान सागरपुर विसर्जन स्थल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। उनका कहना है कि अधिकांश प्रतिमाओं का विसर्जन फोर-व्हीलर वाहनों की हेडलाइट की रोशनी में ही करना पड़ा। उन्होंने बताया कि विसर्जन स्थल पर रात करीब 9 बजे प्रकाश व्यवस्था की गई, जबकि उनकी मांग है कि इस प्रकार की मूलभूत व्यवस्था विसर्जन शुरू होने से काफी पहले, कम से कम एक दिन पूर्व, सुनिश्चित की जानी चाहिए थी।
विसर्जन कुंड की स्थिति पर भी उठाए सवाल
श्री दुबे ने विसर्जन स्थल पर बने कुंड की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि कुंड की स्थिति जर्जर है और वहां सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त घेराव भी नहीं किया गया है। इसके अलावा कुंड में पर्याप्त गहराई नहीं होने के कारण बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन में परेशानी उत्पन्न हो सकती है। कई बार बड़ी प्रतिमाएं पूरी तरह पानी में नहीं डूब पाती हैं और ऊपर ही रह जाती हैं।
उन्होंने कहा कि आगामी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान गणेश प्रतिमाओं की तुलना में कहीं अधिक बड़ी प्रतिमाएं विसर्जन के लिए पहुंचेंगी। ऐसे में यदि समय रहते विसर्जन कुंड की साफ-सफाई नहीं कराई गई और कुंड के भीतर जमा मलबे को नहीं हटाया गया, तो प्रतिमा विसर्जन के दौरान गंभीर परेशानी उत्पन्न हो सकती है।
समय रहते तैयारी पूरी करने की मांग
गौ रक्षक अनुराग दुबे ने प्रशासन से मांग की है कि आगामी दुर्गा पूजा एवं विसर्जन को देखते हुए सागरपुर विसर्जन स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत, साफ-सफाई, मलबा हटाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा के लिए उचित घेराव कराया जाए। साथ ही बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन को ध्यान में रखते हुए कुंड की गहराई और क्षमता का भी परीक्षण कराया जाए।
उन्होंने कहा कि विसर्जन जैसे धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और वाहन पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन को अंतिम समय में व्यवस्था करने के बजाय पहले से तैयारियां पूरी करनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और विसर्जन प्रक्रिया सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
अनुराग दुबे ने प्रशासन से अपील की है कि गणेश विसर्जन के दौरान सामने आई कमियों को गंभीरता से लेते हुए आगामी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जाएं।


0 टिप्पणियाँ