कोरिया बैकुंठपुर । भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी के पावन अवसर पर बैकुंठपुर प्रेमा बाग मंदिर परिसर में भव्य एवं आकर्षक मटकी फोड़ प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया जा रहा है। 5 सितंबर, शनिवार को आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण प्रेमाबाग परिसर रहेगा, जहां शाम 6 बजे से रंगारंग एवं रोमांचक कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र के युवाओं, खेल प्रेमियों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजन समिति द्वारा प्रतियोगिता को तीन अलग-अलग वर्गों—पुरुष टोली, बालक टोली एवं बालिका टोली में आयोजित किया जाएगा। प्रतिभागियों की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। समिति द्वारा बड़ी संख्या में प्रतिभागी टोलियों से प्रतियोगिता में शामिल होकर अपनी प्रतिभा और साहस का प्रदर्शन करने की अपील की गई है।
प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। पुरुष टोली में प्रथम पुरस्कार 15,100 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 11,100 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 7,100 रुपये दिया जाएगा। वहीं बालक टोली के लिए प्रथम पुरस्कार 6,100 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 5,100 रुपये एवं तृतीय पुरस्कार 3,100 रुपये निर्धारित किया गया है। बालिका टोली के लिए भी प्रथम पुरस्कार 6,100 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 5,100 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 3,100 रुपये रखा गया है।
आयोजन को लेकर मटकी सजावट, फूल-मालाओं और जन्माष्टमी की पारंपरिक थीम के साथ प्रेमाबाग परिसर को आकर्षक स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और उनके माखन-प्रेम से जुड़ी मटकी फोड़ की परंपरा को जीवंत करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में विभिन्न टोलियां मानव पिरामिड बनाकर ऊंचाई पर टांगी गई मटकी को फोड़ने का प्रयास करेंगी, जिससे दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
आयोजन समिति ने प्रतिभागियों के लिए स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता में केवल 3 फीट से कम उम्र के बच्चे शामिल नहीं किए जाएंगे। सभी प्रतिभागियों से अनुशासन और आयोजन समिति के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी टोलियां प्रदीप पुस्तकालय , प्रिंस स्पोर्ट्स, लोक सेवा केंद्र तथा आयोजन समिति के अन्य पदाधिकारियों से संपर्क कर अपना पंजीयन करा सकती हैं। आयोजन की सफलता के लिए क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को भव्य बनाने की अपील की गई है।
कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेदारी देवरहा बाबा सेवा समिति, प्रेमाबाग, बैकुंठपुर द्वारा संभाली जा रही है। समिति के शैलेश शिवहरे एवं पदाधिकारियों ने कहा कि जन्माष्टमी के पावन पर्व को सामाजिक समरसता, भाईचारे और उत्सव के रूप में मनाने के लिए यह आयोजन क्षेत्रवासियों के सहयोग से किया जा रहा है। 5 सितंबर की शाम प्रेमाबाग परिसर में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का रोमांच देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है।

0 टिप्पणियाँ