कोरिया बैकुंठपुर । नगर पालिका परिषद शिवपुर-चर्चा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित कर नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध जताया। बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने धरना स्थल पर एकत्र होकर क्षेत्र की जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि नगर पालिका क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल, सड़क, नाली, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य नागरिक सुविधाओं की स्थिति बदहाल है, जिससे आम जनता को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व नगर पालिका परिषद शिवपुर-चर्चा के नेता प्रतिपक्ष लाल मुनि यादव ने किया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका प्रशासन जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है। कई बार मांग उठाने और ज्ञापन सौंपने के बावजूद आवश्यक कार्य नहीं किए गए, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष लाल मुनि यादव ने अपने संबोधन में कहा कि यदि नगर पालिका परिषद द्वारा शीघ्र ही नागरिक समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी जनहित में और भी बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर नगर पालिका परिषद कार्यालय में ताला लगाने जैसा कठोर निर्णय भी लिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नगर पालिका का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, लेकिन वर्तमान में क्षेत्र की स्थिति इसके विपरीत दिखाई दे रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए, जर्जर सड़कों की मरम्मत कराई जाए, नालियों की नियमित सफाई कराई जाए, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को चालू किया जाए तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।
कार्यक्रम में कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अपना समर्थन व्यक्त किया। महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव का सबसे अधिक असर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ता है, इसलिए नगर पालिका को जनहित के मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
धरना-प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, वरिष्ठ कांग्रेसी योगेश शुक्ला, वेदांती तिवारी, अशोक जायसवाल, हेम सागर सिंह, बृजवासी तिवारी, भूपेंद्र यादव, विक्रांत सिंह, अजय सिंह,अनिल जायसवाल, चंद्र प्रकाश राजवाड़े, सोहेल अहमद,अभिजीत सिंह,राजकुमार पासवान, विजेंद्र कुमार, गणेश जायसवाल, जागृति कुर्रे, बली मोदी,जानू वसीम, गणेश राजवाड़े, संगीता राजवाड़े,रवि शंकर राजवाड़े,नीता मिश्रा, एजाज गुड्डू, धर्मवीर यादव, आशीष डबरे, प्रवीण भट्टाचार्य,ईश्वर सिंह,राकेश सिंह, रामाधार , अनिल सिंह, नौशाद अली, दिनेश यादव सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी ने एक स्वर में नगर पालिका प्रशासन से जनता की समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि मांगों की अनदेखी की गई तो कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन तेज करेगी।
धरना-प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस ने स्पष्ट संदेश दिया कि वह क्षेत्र की जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर लगातार आवाज उठाती रहेगी और मूलभूत सुविधाओं की बहाली तक अपना संघर्ष जारी रखेगी। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन नेताओं ने प्रशासन को जल्द कार्रवाई करने का अल्टीमेटम भी दिया।


0 टिप्पणियाँ